राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास किया
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने मेडिकल कॉलेज और आयुर्वेद कॉलेज तथा अस्पतालों के माध्यम से एलोपैथी और आयुर्वेद की शिक्षा और उपचार की व्यवस्था करके चिकित्सा प्रणालियों की व्यापकता पर बल देने के लिए महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय की सराहना की।
महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज (1 जुलाई, 2025) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसमें सभागार, अकादमिक ब्लॉक और पंचकर्म केंद्र का लोकार्पण तथा लड़कियों के लिए एक नए छात्रावास के भवन की आधारशिला रखना शामिल था।
इस अवसर पर अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने मेडिकल कॉलेज और आयुर्वेद कॉलेज तथा अस्पतालों के माध्यम से एलोपैथी और आयुर्वेद की शिक्षा और उपचार की व्यवस्था करके चिकित्सा प्रणालियों की व्यापकता पर बल देने के लिए महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय की सराहना की। उन्हें इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि श्री गोरक्षनाथ मेडिकल कॉलेज अस्पताल और अनुसंधान केंद्र 1800 बिस्तरों वाला एक नया अस्पताल बनवा रहा है।
राष्ट्रपति ने कहा कि परोपकार और लोक कल्याण के लक्ष्य के साथ काम करने वाले निजी उच्च शिक्षण संस्थानों की राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने इस बात पर गौर किया कि महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय, गोरखपुर और आसपास के क्षेत्र में उच्च शिक्षा में योगदान देने वाला पहला निजी विश्वविद्यालय है। अपनी स्थापना के बाद से केवल चार वर्षों में इस विश्वविद्यालय ने अपनी विकास यात्रा में प्रभावशाली उपलब्धियाँ हासिल की हैं। यह विश्वविद्यालय पूर्वी उत्तर प्रदेश में उच्च शिक्षा और रोजगारपरक शिक्षा का एक प्रमुख केंद्र बन गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस विश्वविद्यालय के छात्र व्यावसायिक शिक्षा के आधार पर उत्कृष्टता प्राप्त करने के अलावा अपने आचरण में आध्यात्मिकता और देशभक्ति के आदर्शों को शामिल करेंगे।
राष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें विश्वविद्यालय की विभिन्न सुविधाओं का उद्घाटन करके प्रसन्नता हुई, लेकिन लड़कियों के नए छात्रावास के भवन की आधारशिला रखने में उन्हें और भी ज्यादा खुशी हुई। उन्होंने कहा कि शिक्षा सशक्तिकरण का सबसे प्रभावी साधन है। लड़कियों के लिए सुरक्षित आवास का अभाव न केवल उच्च शिक्षा की ओर उनकी यात्रा को बाधित करता है, बल्कि उनकी शिक्षा को भी रोक सकता है। उन्होंने इस विश्वविद्यालय द्वारा लड़कियों के नए छात्रावास की स्थापना के निर्णय को महिलाओं की उच्च शिक्षा की दिशा में बहुत ही महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने महिला सशक्तिकरण की दिशा में इस महत्वपूर्ण पहल के लिए विश्वविद्यालय की सराहना की।
राष्ट्रपति ने कहा कि जब उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल क्षेत्र के लोग स्वस्थ और शिक्षित होंगे, तो पूरा उत्तर प्रदेश समावेशी प्रगति के पथ पर तेजी से आगे बढ़ेगा। जब देश की सबसे बड़ी आबादी वाला राज्य तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ेगा, तो पूरा भारत प्रगति के नए प्रतिमान स्थापित करेगा।
For more news: India