पंडित जसराज: भारतीय शास्त्रीय संगीत के अमर स्वर-सूर्य, नायब सिंह सैनी ने दी श्रद्धांजलि
चंडीगढ़, 2 फरवरी – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने भारतीय शास्त्रीय संगीत के महान गुरु पंडित जसराज को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे भारतीय संगीत जगत के ‘स्वर-सूर्य’ थे, जिन्होंने न केवल देश बल्कि पूरे विश्व को अपनी कला से आलोकित किया।
मुख्यमंत्री ने पंडित जसराज की 96वीं जयंती के अवसर पर जिला फतेहाबाद के गांव पीली मंदौरी में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में पंडित जसराज की प्रतिमा का अनावरण किया और शहीद स्मारक पर देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पंडित जसराज केवल एक महान कलाकार ही नहीं, बल्कि भारतीय संगीत की समृद्ध परंपरा के जीवंत स्तंभ थे।
उन्होंने फाउंडेशन की चौथी वर्षगांठ का भी जिक्र करते हुए कहा कि पंडित जसराज कल्चरल फाउंडेशन देश-विदेश में उनकी संगीत विरासत को संरक्षित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। मुख्यमंत्री ने मधुरा जसराज, दुर्गा जसराज और फाउंडेशन के सभी पदाधिकारियों के समर्पण की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा की मिट्टी संगीत से ओत-प्रोत है। पंडित जसराज ने अपनी साधना और कठोर तपस्या से विश्व स्तर पर भारतीय शास्त्रीय संगीत की धारा को फैलाया। उन्होंने देश और प्रदेश में संगीत, संस्कृति और कला के संरक्षण के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
समारोह में सुप्रसिद्ध भजन एवं शास्त्रीय गायक पद्मश्री अनूप जलोटा ने अपनी मधुर प्रस्तुति से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर भट्टू में नई आईटीआई की स्थापना, पीली मंदौरी में 33 केवी बिजली सब स्टेशन, पशु चिकित्सालय भवन और अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग की चौपालों के निर्माण के लिए निधियों की घोषणा की।
साथ ही, मुख्यमंत्री ने पंडित जसराज की स्मृति में उनके पिता स्व. मोती राम जी के नाम पर बने पुस्तकालय के सोलर सिस्टम के विस्तार और विकास के लिए भी निधि जारी करने की घोषणा की।
इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा, राज्यसभा सांसद सुभाष बराला, पूर्व मंत्री देवेन्द्र सिंह बबली और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।