कैबिनेट मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने हिसार में एयरपोर्ट का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
कैबिनेट मंत्री श्री रणबीर गंगवा: 14 अप्रैल को महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट से अयोध्या के लिए हवाई सेवा का आगाज करेंगे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी
हरियाणा के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने शुक्रवार को हिसार स्थित महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 14 अप्रैल को प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जायजा लिया है। कैबिनेट मंत्री ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर रैली स्थल पर चल रहे कार्यों की समीक्षा भी की और इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि रैली स्थल पर सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।
कैबिनेट मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने बताया कि 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी प्रदेशवासियों को अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात देंगे। पीएम श्री नरेन्द्र मोदी हिसार से हवाई सेवा की शुरुवात करेंगे। हर्ष की बात है कि इस दिन फ्लाइट अयोध्या के लिए रवाना होगी, जिससे श्रद्धालु भगवान रामलला के दर्शन करने जा सकेंगे।
हिसार के महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट से भविष्य में अन्य प्रमुख शहरों के लिए उड़ानों की शुरुआत भी की जाएगी। इससे न केवल हरियाणा में हवाई यातायात का विस्तार होगा, बल्कि व्यापार, पर्यटन एवं निवेश को भी नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इसी दिन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी यमुनानगर में दीन बन्धु चौधरी छोटूराम थर्मल पावर प्लांट में 800 मेगावाट की नई इकाई का शिलान्यास करेंगे। यह इकाई हरियाणा की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कैबिनेट मंत्री श्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा का तेजी से विकास हो रहा है। एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं प्रदेश के विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगी।
इस मौके पर हांसी विधायक विनोद भ्याना , उपायुक्त अनीश यादव, जिला परिषद चेयरमैन सोनू सिहाग डाटा व अधिकारी मौजूद रहे।