खेल मंत्री गौरव गौतम ने यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर गांवों का दौरा किया
यमुना नदी में जलस्तर बढ़ने के मद्देनजर, हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने पलवल जिले के आधा दर्जन से अधिक गांवों का दौरा किया। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि वे किसी भी प्रकार की घबराहट न करें और पूरी सावधानी बरतें, क्योंकि सरकार उनके साथ खड़ी है।
खेल मंत्री गौरव गौतम ने जिला प्रशासन की टीम के साथ खादर क्षेत्र का दौरा किया। उनकी यात्रा की शुरुआत बागपुर गांव से हुई और समापन थंथरी गांव में हुआ। इस दौरान उन्होंने जलभराव की आशंका वाले गांवों का निरीक्षण किया और वहां के ग्रामीणों से बातचीत की। इसके अलावा, राजूपुर-दोस्तपुर गांव में स्थित बांध का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन द्वारा सभी संभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।
दौरे के बाद, खेल मंत्री गौरव गौतम ने बागपुर गांव में जिला प्रशासन के अधिकारियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ एक बैठक आयोजित की। इस बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे संबंधित गांवों में बिजली और पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करें, और जलभराव से निपटने के लिए सिंचाई विभाग पहले से तैयार रहे। इसके अलावा, डीजल और इलेक्ट्रिक पंप सेट आवश्यकतानुसार लगाए जाएं। पशुपालन विभाग को पशुओं की देखरेख के लिए तैयार रहने को कहा गया और स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
खेल मंत्री गौरव गौतम ने यह भी बताया कि यमुना नदी में जलस्तर और बढ़ने की संभावना है, इसलिए ग्रामीणों को पूरी तरह से सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय है और सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। गौरव गौतम ने यह भी बताया कि 35 साल बाद पलवल में इतनी भारी बारिश हुई है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे जलभराव की स्थिति में ग्रामीणों को हर संभव सहायता दें और ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल को खोलने की घोषणा की, जिससे किसान अपनी फसलों के नुकसान की रिपोर्ट दर्ज कर सकते हैं।
इस मौके पर उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित थे।