केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का सतना दौरा: खाद और यूरिया की पर्याप्त आपूर्ति का किया भरोसा
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों के हित में केंद्र सरकार द्वारा उठाए गए कदमों और फर्टिलाइज़र मिनिस्ट्री की तत्परता पर चर्चा की।
श्री चौहान ने कहा, “किसान हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण हैं, और केंद्र सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि किसानों को खाद और यूरिया पर्याप्त मात्रा में मिले। खाद की आपूर्ति को लेकर कुछ लोगों ने ज्ञापन दिए हैं, और हम इस पर पूरी गंभीरता से काम कर रहे हैं।”
उन्होंने बताया कि सतना जिले में पिछले साल की तुलना में इस साल यूरिया की आपूर्ति में वृद्धि हुई है। “पिछले साल इस समय तक 23,585 मीट्रिक टन यूरिया की खपत हुई थी, जबकि इस साल अब तक 27,700 मीट्रिक टन यूरिया जिले में पहुंच चुका है,” श्री चौहान ने कहा।
कृषि मंत्री ने बारिश की स्थिति का भी जिक्र करते हुए कहा कि “इस बार बारिश अच्छी हुई है और धान जैसी फसलों के लिए यूरिया की आवश्यकता ज्यादा हो रही है, इसलिए मांग बढ़ी है।” उन्होंने आगे कहा कि आज भी सतना में 1500 मीट्रिक टन खाद की आपूर्ति की गई है और भविष्य में भी आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रयास जारी रहेंगे।
यदि आवश्यकता पड़ी, तो केंद्रीय कृषि मंत्री ने बताया कि वह राज्य सरकार और फर्टिलाइज़र मंत्रालय के साथ समन्वय करेंगे ताकि किसानों को और बेहतर सुविधा मिल सके।