Select Page

मंत्री श्री राम मोहन नायडू ने राजस्थान के कोटा और ओडिशा के पुरी में ग्रीनफील्ड हवाई अड्डों को सैद्धांतिक मंजूरी दी

मंत्री श्री राम मोहन नायडू ने राजस्थान के कोटा और ओडिशा के पुरी में ग्रीनफील्ड हवाई अड्डों को सैद्धांतिक मंजूरी दी

मंत्री श्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने इस दिशा में एक और कदम उठाते हुए राजस्थान के कोटा और ओडिशा के पुरी में ग्रीनफील्ड हवाई अड्डों की स्थापना के लिए सैद्धांतिक तौर पर स्वीकृति दे दी।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में नागर विमानन मंत्रालय देशभर में वायु यातायात संपर्क का विस्तार करने और उसे मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। नागर विमानन मंत्री श्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने इस दिशा में एक और कदम उठाते हुए 5 मई, 2025 को राजस्थान के कोटा और ओडिशा के पुरी में ग्रीनफील्ड हवाई अड्डों की स्थापना के लिए सैद्धांतिक तौर पर स्वीकृति दे दी।

कोटा में हवाई अड्डे की प्रतीक्षा लंबे समय से थी। यह लोकसभा अध्यक्ष और कोटा-बूंदी से सांसद श्री ओम बिरला के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। वे कोटा में हवाई अड्डे के निर्माण के लिए सक्रिय रूप से प्रयास करते रहे हैं। नागर विमानन मंत्रालय के साथ उनका निरंतर संपर्क इस हवाई अड्डे की शीघ्रता से स्वीकृति के लिए प्रेरक शक्तियों में से रहा है।

कोटा में प्रस्तावित हवाई अड्डा न केवल एक प्रमुख शैक्षणिक और औद्योगिक केंद्र के रूप में प्रसिद्ध इस शहर बल्कि पूरे हाड़ौती क्षेत्र में बढ़ती जनसंख्या और आर्थिक गतिविधियों से जुड़ी आवश्यकताओं की पूर्ति भी करेगा। इस हवाई अड्डे की स्थापना से कोटा देश में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रमुख गंतव्य बन सकेगा।

राजस्थान के कोटा में हवाई अड्डे के निर्माण का यह निर्णय वहां अवसंरचना के विकास और प्रत्येक नागरिक को हवाई यात्रा सुलभ बनाने की सरकार की प्रतिबद्धता की दृष्टि से प्रमुख मील का पत्थर है।

वहीं, भारत के सबसे पवित्र तीर्थ स्थलों में से एक भगवान जगन्नाथ का निवास पुरी देश ही नहीं बल्कि संपूर्ण विश्व से लाखों भक्तों और पर्यटकों को आकर्षित करता है। पुरी में हवाई अड्डा स्थापित करने के निर्णय से वहां धार्मिक पर्यटन, क्षेत्रीय विकास और उस क्षेत्र में समग्र रूप से संपर्क को बढ़ावा मिलेगा।

इस हवाई अड्डे के निर्माण से पुरी और देश के प्रमुख महानगरों के बीच सीधे संपर्क में वृद्धि हो सकेगी। इस दृष्टि से यह निर्णय पुरी और ओडिशा के लिए महत्वपूर्ण मील का पत्थर है और अंतिम छोर तक वायु यातायात संपर्क मजबूत करने तथा सभी के लिए हवाई यात्रा सुलभ बनाने की सरकार की प्रतिबद्धता के अनुरूप है।

About The Author

Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts

Recent Comments

No comments to show.