करनाल में करंट से युवक की मौत पर सख्त हुए मंत्री अनिल विज, लापरवाही पर 6 बिजली विभाग कर्मचारी निलंबित
हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने करनाल में करंट से युवक की मौत के मामले में कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के 6 कर्मचारियों को निलंबित किया। लापरवाही के चलते FIR भी दर्ज की गई।
हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज एक बार फिर एक्शन मोड में नजर आए। करनाल जिले के हैबतपुर गांव में खेत में काम कर रहे राजेश कुमार नामक युवक की बिजली के करंट से दर्दनाक मौत के मामले में मंत्री ने कड़ा संज्ञान लेते हुए बिजली विभाग के 6 कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए हैं।
करंट लगने से युवक की मौत, पहले की जा चुकी थी शिकायत
मामला 6 जुलाई, 2025 का है जब गांव हैबतपुर में खेत में काम कर रहे युवक राजेश कुमार की नीचे झुकी बिजली की तारों से करंट लगने से मौत हो गई। मृतक के परिजन प्रदीप कुमार ने बताया कि बिजली के तार काफी समय से खेत में 5 फीट की ऊंचाई पर लटके हुए थे, जिसकी कई बार शिकायत एसडीओ, जेई और लाइनमैन से की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
लापरवाही पर ऊर्जा मंत्री ने दिए कार्रवाई के निर्देश
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए मीडिया से कहा कि इस प्रकार की लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस गंभीर लापरवाही के कारण एसडीओ मोहित, जेई सुनील, दीपक, अजीत, सत्यवान और विकास (लाइनमैन) को निलंबित किया गया है। साथ ही सभी के खिलाफ FIR भी दर्ज की गई है।
FIR दर्ज, लापरवाही की जांच जारी
थाना निगदू में दर्ज FIR में बताया गया कि तारों को ऊंचा करने के लिए मृतक और उसके परिजनों ने बार-बार शिकायतें की थीं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिस कारण राजेश की जान चली गई। मंत्री ने कहा कि जब तार की ऊंचाई केवल 5 फीट थी, तो इसमें स्पष्ट रूप से विभागीय लापरवाही सामने आई है, जिसे किसी भी कीमत पर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।