कर्मचारियों के हितों की सुरक्षा में हरियाणा सरकार का बड़ा कदम: श्रुति चौधरी ने वर्दी और कार्य व्यवस्था में सुधार की घोषणा की
हरियाणा की सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी ने कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए वर्दी और कार्य व्यवस्था में सुधार की घोषणा की।
हरियाणा की सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों के हितों की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि विभाग में ऑपरेशन सर्कल के तहत कर्मचारियों के पदों को तर्कसंगत रूप से निर्धारित किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक कर्मचारी को उसके पद के अनुरूप कार्य सौंपा जा सके। इस दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
मंत्री ने बताया कि बेलदार और कैनाल गार्ड विभाग की रीढ़ की हड्डी हैं। इन कर्मचारियों की पहचान को स्पष्ट करने के लिए उन्हें उनके पदों के अनुसार अलग-अलग रंग की वर्दी प्रदान की जाएगी, जिससे फील्ड में कार्य व्यवस्था और भी सुव्यवस्थित हो सकेगी।
श्रीमती श्रुति चौधरी आज चंडीगढ़ में विभाग से जुड़े ऑल हरियाणा पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल कर्मचारी यूनियन के चरखीदादरी और कुरुक्षेत्र प्रतिनिधियों के साथ बैठक की अध्यक्षता कर रही थीं।
बैठक में यूनियन द्वारा प्रस्तुत मांग-पत्र और कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए, मंत्री ने आश्वासन दिया कि सभी जायज मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस संबंध में वे मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह से विस्तृत चर्चा करेंगी।
also read: अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2025: पुरुषोत्तमपुरा बाग में…
मंत्री ने हाल ही में जल संरक्षण के क्षेत्र में हरियाणा द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर तीसरे स्थान पर आने की उपलब्धि को लेकर गर्व व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस सफलता का श्रेय विभाग के फील्ड कर्मचारियों की निष्ठा और मेहनत को जाता है। उनके दादा, स्वर्गीय चौधरी बंसी लाल द्वारा प्रदेश में स्थापित नहर नेटवर्क और उठान सिंचाई प्रणाली के सपने अब साकार हो रहे हैं।
बैठक में विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव, श्री अनुराग अग्रवाल ने आश्वासन दिया कि बैठक में लिए गए निर्णयों और दिशा-निर्देशों के आधार पर शीघ्र ही वित्त विभाग और अन्य संबंधित विभागों से प्रशासनिक स्वीकृतियां प्राप्त की जाएंगी।
यूनियन के पदाधिकारियों ने कर्मचारियों की समस्याओं को विस्तार से सुनने और समाधान का आश्वासन देने के लिए मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी का आभार व्यक्त किया।
बैठक में विभाग के प्रमुख अभियंता श्री राकेश चौहान, श्री बीरेन्द्र सिंह, डॉ. सतबीर कादयान सहित अन्य अधिकारी और यूनियन के पदाधिकारी भी उपस्थित थे।