मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नितिन नबीन को दी भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में बधाई
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भाजपा के नवनियुक्त कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को नई दिल्ली में बधाई दी।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मंगलवार को नई दिल्ली में भाजपा कार्यालय पहुंचे और पार्टी के नवनियुक्त कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन को बधाई दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नितिन नबीन के साथ पार्टी और संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा नई ऊंचाइयों को छुएगी। उन्होंने कहा कि नबीन जी वरिष्ठ और जमीन से जुड़े कार्यकर्ता हैं, जिनकी युवाओं में अच्छी पकड़ है और वे भाजपा को और मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ताओं को राष्ट्रीय नेतृत्व के लिए अवसर मिलता है और नितिन नबीन इसका जीता-जागता उदाहरण हैं।
भाजपा में आम कार्यकर्ता को भी मिलता है अवसर
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा ही ऐसी पार्टी है, जहां साधारण कार्यकर्ता उच्च पदों तक पहुँच सकता है। उन्होंने बताया कि परिवारवाद और जनहित की अनदेखी करने वाले अन्य दलों के विपरीत, भाजपा में मेहनती और प्रतिबद्ध कार्यकर्ता राष्ट्रीय नेतृत्व तक पहुंच सकते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने बढ़ाया भारत का गौरव
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को वैश्विक मंच पर गौरव दिलाया है। उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए अपनी उपलब्धियां नहीं दिखाईं और अब सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी की आलोचना करती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश का युवा, किसान और महिला वर्ग अब मोदी सरकार की उपलब्धियों को समझ रहा है और इसे स्वीकार कर रहा है।
नायब सिंह सैनी ने विश्वास व्यक्त किया कि नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा संगठन और भी मजबूत होगा और जनता की सेवा में नए आयाम स्थापित करेगा।