मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिए निर्देश – सभी सरकारी अस्पताल आधुनिक सुविधाओं और श्रेष्ठ सफाई व्यवस्था से लैस हों
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने निर्देश दिए कि सभी सरकारी अस्पताल आधुनिक सुविधाओं, बेहतर मेंटेनेंस और उत्कृष्ट सफाई व्यवस्था से पूरी तरह सुसज्जित हों।
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी सरकारी अस्पताल अत्याधुनिक सुविधाओं से पूरी तरह सुसज्जित हों। उन्होंने कहा कि अस्पताल भवनों की मरम्मत, साफ-सफाई, बिजली व्यवस्था और मरीजों की जरूरतों से जुड़े सभी कार्य समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। किसी भी स्तर पर सफाई में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, जबकि उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ में करीब एक दर्जन सरकारी अस्पतालों की मेंटेनेंस और सफाई व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की। बैठक में मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरुण कुमार गुप्ता, स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री सुधीर राजपाल, लोक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री अनुराग अग्रवाल सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
also read: हरियाणा सरकार ने स्टेट पीएसयू रिटायर्ड कर्मचारियों की…
बैठक के दौरान अस्पताल भवनों की मरम्मत, इलेक्ट्रिकल वर्क, रिसेप्शन एरिया की स्थिति, वार्ड की साफ-सफाई, जन-सुविधाओं के रखरखाव और परिसर के सौंदर्यीकरण की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्पतालों को साफ-सुथरा और आकर्षक बनाने के लिए सरकार बजट की कोई कमी नहीं रहने देगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी अस्पतालों में ‘सफाई-कल्चर’ को मजबूत किया जाए। स्वच्छता में लापरवाही दिखाने वाले कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई होगी, जबकि बेहतरीन प्रदर्शन करने वालों को सम्मान मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद अस्पताल भवनों के नियमित रखरखाव की जिम्मेदारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी की होगी। इसके साथ ही अस्पताल परिसर में पौधों की देखभाल, नए पौधे लगाने और पार्क क्षेत्र की साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।