हरियाणा में सिख म्यूजियम और गुरु रविदास म्यूजियम के निर्माण की समीक्षा बैठक, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने की अध्यक्षता
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र में बनने वाले सिख म्यूजियम और गुरु रविदास म्यूजियम के निर्माण की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा निवास में कुरुक्षेत्र में बनने वाले सिख म्यूजियम और संत शिरोमणि गुरु रविदास म्यूजियम के निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस महत्वपूर्ण बैठक में केंद्रीय ऊर्जा और आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में म्यूजियम के डिजाइन, स्थापत्य और निर्माण के सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों से सुझाव लिए गए और स्पष्ट निर्देश दिए गए कि परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि ये म्यूजियम गुरुओं की स्मृति और शिक्षा को संरक्षित करेंगे और युवाओं को उनके जीवन दर्शन व आदर्शों से प्रेरित करेंगे।
बैठक में म्यूजियम की विषयवस्तु, सामाजिक एवं ऐतिहासिक महत्व, और दर्शनीयता पर भी विशेष ध्यान दिया गया, ताकि ये स्मारक न केवल भव्य दिखें, बल्कि उनका सांस्कृतिक और शैक्षिक प्रभाव भी गहरा हो।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने सुझाव दिया कि निर्माण कार्य की निगरानी के लिए बनी कमेटियां समाज के प्रबुद्धजनों से भी राय लें, जिससे परियोजना में व्यापक सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
बैठक में हरियाणा के विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, पूर्व सांसद दुष्यंत कुमार गौतम ने ऑनलाइन भाग लेकर महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए। मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, प्रधान सचिव अरुण गुप्ता सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।