Select Page

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर ऑपरेशन सिंदूर की सफलता की दी बधाई और सेना का जताया आभार

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर ऑपरेशन सिंदूर की सफलता की दी बधाई और सेना का जताया आभार

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी: देश के जांबाज सैनिकों ने आतंकी ठिकानों को उनकी सर जमीन पर ही मिट्टी में मिलने का किया काम

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट कर ऑपरेशन सिंदूर की सफलता की बधाई दी और सेना का आभार जताया। इसके उपरांत हरियाणा भवन नई दिल्ली में पत्रकारों को संबोधित करते हुए श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के जांबाज सैनिकों ने आतंकी ठिकानों को उनकी सर जमीन पर ही मिट्टी में मिलने का काम किया है। ऐसा ऐतिहासिक निर्णय प्रधानमंत्री ही ले सकते हैं।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पहलगाम में आतंकवादियों ने कायराना हरकत कर निर्दोष लोगों को मौत के घाट उतारा। इस घटना से देश के लोग आहत थे और उनमें रोष था। देश के नागरिक आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई चाहते थे। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ कड़े कदम उठाते हुए ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया और हमारे सैनिकों ने आतंकियों को उन्हीं की सर जमीन पर जाकर धूल में मिलाने का काम किया।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले आतंकवादी देश में घुसकर घटनाओं को अंजाम देते थे। पूरे देश में भय का माहौल था कोई भी सुरक्षित नहीं था। लेकिन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ सख्त कदम उठाने का काम किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि अब समय आ गया है आतंकवाद की बची हुई जमीन को मिट्टी में मिलाने का। जहां से आतंकवादी जन्म लेते थे और पाक उन्हें संरक्षण देता था उसी पाक की भूमि पर जाकर हमारे सैनिकों ने आतंकियों को मिट्टी में मिलाने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश सुरक्षित है। प्रधानमंत्री ने ऐसी कार्यवाही करके देश को मजबूत, सुरक्षित और सशक्त बनाने की दिशा में  काम किया है। अब देश में संतुष्टि का भाव है और आतंकियों में भय का माहौल बना है।

एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर से पाक का असली चेहरा पूरे विश्व के सामने आ गया है। पाक भारत को बदनाम कर रहा था और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने पाक का आतंकी चेहरा पूरी दुनिया के सामने लाकर खड़ा कर दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्पष्ट कर दिया है कि खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री को हरियाणा में चल रही विकास योजनाओं के बारे में भी अवगत करवाया गया है। प्रधानमंत्री ने डा. भीमराव अम्बेडकर जयंती पर कई विकास परियोजनाओं को अमलीजामा पहनाने का काम किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब-जब प्रधानमंत्री का हरियाणा का दौरा होता है तो जनता को नई ऊर्जा और स्फूर्ति मिलती है।

एक अन्य सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा में जासूसी के मामलों की पुलिस गहनता से जांच कर रही है। ऐसे लोगों की गहनता से जांच के निर्देश दिए गए हैं।

About The Author

Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts

Recent Comments

No comments to show.