मंत्री अनिल विज: अम्बाला छावनी के सुभाष पार्क में होगा हरियाणा का पहला सिंथेटिक ट्रैक, मिलेगा टॉय ट्रेन का आनंद
हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने घोषणा की है कि अम्बाला छावनी का सुभाष पार्क राज्य का पहला पार्क होगा, जिसमें पर्यटकों को सिंथेटिक ट्रैक की सुविधा मिलेगी। इस नई सुविधा के चलते सैर करने वाले व्यक्तियों को घुटनों पर अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ेगा, और उनकी सैर और भी आरामदायक होगी। इसके अलावा, मंत्री ने बताया कि भविष्य में बच्चों के लिए टॉय ट्रेन की सुविधा भी शुरू की जाएगी, जिससे पार्क और भी आकर्षक बनेगा।
आज सुभाष पार्क में मंत्री श्री अनिल विज ने 74 लाख रुपये की लागत से एक किलोमीटर लंबे सिंथेटिक ट्रैक का उद्घाटन किया। इस अवसर पर सुभाष पार्क कमेटी के चेयरमैन संजेव वालिया और ईओ देवेंद्र नरवाल ने उनका स्वागत किया।
पार्क के सौंदर्यीकरण और विकास का किया उल्लेख
श्री विज ने बताया कि यह पार्क कभी अम्बाला छावनी का सबसे गंदा इलाका था, जहां कूड़ा और गंदा पानी फैला रहता था। उन्होंने यह भी बताया कि पूर्व में कांग्रेस शासनकाल में इस भूमि पर प्लॉट काटने की कोशिशें की गईं, लेकिन उन्होंने संघर्ष करते हुए हाईकोर्ट से जमीन वापस दिलवाकर पार्क का निर्माण कराया।
भा.ज.पा. सरकार के आने के बाद इस पार्क का सौंदर्यीकरण किया गया और आज यह हरियाणा के सबसे खूबसूरत पार्कों में से एक बन चुका है। पार्क में झील, झूले, ओपन एयर थियेटर और जिम जैसी सुविधाएं भी मौजूद हैं, जिससे यह क्षेत्र पर्यटन का एक प्रमुख आकर्षण बन चुका है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों के मनोरंजन के लिए टॉय ट्रेन की स्थापना का काम जल्द शुरू किया जाए, ताकि सुभाष पार्क और भी लोकप्रिय हो सके।