मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी: नैतिकता, पारदर्शिता और जनकल्याण के साथ स्वास्थ्य सेवाओं में सहयोगियों का हरियाणा में स्वागत
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम में प्रेम सागर हृदय रोग चिकित्सालय का उद्घाटन किया और स्वास्थ्य सेवाओं को सस्ता, सुलभ और प्रभावी बनाने का संदेश दिया।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि नैतिकता, पारदर्शिता और जनकल्याण को सर्वोपरि रखते हुए राज्य के स्वास्थ्य लक्ष्यों में योगदान देने वाली सभी जिम्मेदार संस्थाओं का हरियाणा में स्वागत है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी स्वास्थ्य ढांचे के साथ-साथ निजी क्षेत्र की जांच और चिकित्सा सेवाओं की भूमिका भी आम जनता के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सोमवार को गुरुग्राम में स्वामी विवेकानंद की 163वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। उन्होंने सेक्टर 12ए में स्थित विवेकानंद आरोग्य केंद्र में प्रेम सागर हृदय रोग चिकित्सालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को लोहड़ी, मकर संक्रांति और पोंगल की शुभकामनाएं भी दीं।
हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाएं सस्ती, सुलभ और प्रभावी बनाने का प्रयास जारी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार का लक्ष्य है कि हर नागरिक को सस्ती, सुलभ और प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं मिलें। ऐसे में विवेकानंद आरोग्य केंद्र जैसे संस्थान स्वास्थ्य सुविधाओं को जमीनी स्तर पर मजबूत कर रहे हैं। प्रधानमंत्री के फिट इंडिया अभियान से प्रेरित होकर राज्य सरकार ने आधुनिक जांच एवं उपचार सुविधाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए कई कदम उठाए हैं।
उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत–चिरायु योजना के तहत प्रदेश में अब तक 1 करोड़ 34 लाख कार्ड बनाए जा चुके हैं। इसके जरिए लगभग 25 लाख मरीजों के इलाज पर 4,500 करोड़ रुपये के क्लेम दिए जा चुके हैं। साथ ही 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को वार्षिक 5 लाख रुपये तक निःशुल्क उपचार की सुविधा दी जा रही है। इस योजना के तहत अब तक 26,513 बुजुर्गों के इलाज पर 53.57 करोड़ रुपये के क्लेम प्रदान किए गए हैं।
सरकारी अस्पतालों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि हर जिले के सरकारी अस्पतालों में निजी अस्पतालों जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हों। इसी दिशा में पहले चरण में 10 जिला अस्पतालों में आधुनिक सुविधाएं शुरू की जा चुकी हैं, जबकि 12 अन्य जिला अस्पतालों में इसे विकसित करने का कार्य जारी है। सरकार का उद्देश्य है कि आम नागरिक को अपने जिले में ही गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सके।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने संस्था के सहयोगियों को सम्मानित किया और 31 लाख रुपये की सहयोग राशि देने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख लोग
उद्घाटन समारोह में गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा, गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय संघचालक पवन जिंदल, भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय संगठन मंत्री सुरेश जैन, विवेकानंद आरोग्य केंद्र के अध्यक्ष विनोद मित्तल, सहयोगी मुकेश अग्रवाल, आरएसएस के प्रांतीय सह संघचालक प्रताप यादव सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।