हरियाणा में रजिस्ट्री पूरी तरह ऑनलाइन, तय समय में नहीं होने पर होगी कार्रवाई: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
हरियाणा में रजिस्ट्री अब पूरी तरह ऑनलाइन, तय समय में रजिस्ट्री न होने पर होगी कार्रवाई। लाडवा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सुनाईं ग्रामीण समस्याएं।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा की कि प्रदेश की रजिस्ट्री प्रणाली पूरी तरह ऑनलाइन कर दी गई है। अब जमीन खरीदने वाले लोग अपने घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यदि तय समय सीमा में तहसीलदार रजिस्ट्री पूरा नहीं करते हैं, तो उन्हें लिखित कारण देना होगा। गलत कारण पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी और जिम्मेदारी उनके वरिष्ठ अधिकारियों तक बढ़ जाएगी।
मुख्यमंत्री ने यह बातें कुरुक्षेत्र के लाडवा विधानसभा क्षेत्र के गांव बूढ़ा और बपदी में आयोजित जनसंवाद एवं धन्यवादी कार्यक्रम के दौरान कही। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और मौके पर समाधान के निर्देश अधिकारियों को दिए।
मुख्यमंत्री ने गांव बूढ़ा और बपदी में विकास कार्यों के लिए प्रत्येक गांव को 21 लाख रुपए देने की घोषणा की। बूढ़ा के सरपंच की 17 मांगों को पूरा करने का भरोसा देते हुए उन्होंने कहा कि बपदी के सभी विकास प्रस्ताव विभागों को भेजकर तुरंत क्रियान्वित किए जाएंगे। साथ ही पीने के पानी की नई पाइपलाइन के लिए 32.27 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि लाडवा विधानसभा क्षेत्र में विकास के लिए पर्याप्त वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। नागरिकों को अब अपनी समस्याओं के समाधान के लिए चंडीगढ़ आने की आवश्यकता नहीं है। सभी मामलों में अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने सामाजिक कल्याण योजनाओं पर भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों को सरकार द्वारा दिया जाने वाला सम्मान भत्ता 200 रुपए बढ़ाकर 3,200 रुपए प्रतिमाह कर दिया गया है, जो दूसरे राज्यों की तुलना में सबसे अधिक है। इसके अलावा, 70 वर्ष से ऊपर के बुजुर्गों को आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज सालाना प्रदान किया जाएगा। महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए लाडो लक्ष्मी योजना के तहत प्रति माह 2,100 रुपए दिए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से अपील की कि वे सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं और अपने विकास के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं।