ढोसी पहाड़ी रोपवे परियोजना: महेंद्रगढ़ बनेगा विश्व-स्तरीय पर्यटन केंद्र
हरियाणा के महेंद्रगढ़ में ढोसी पहाड़ी पर शीघ्र शुरू होगी रोपवे परियोजना। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पर्यटन विकास और वैश्विक पर्यटन केंद्र बनाने के लिए परियोजना की समीक्षा की।
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने महेंद्रगढ़ जिले की प्रसिद्ध ढोसी पहाड़ी पर प्रस्तावित रोपवे परियोजना और राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने वाली अन्य परियोजनाओं की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित परियोजनाओं को तेज गति से पूरा किया जाए और निर्धारित समयावधि में परियोजनाओं का निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पर्यटन एवं विरासत मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। बैठक में बताया गया कि ढोसी हिल रोपवे परियोजना 57 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जा रही है और इसमें लगभग 870 मीटर लंबी रोपवे बनाई जाएगी। इस रोपवे के संचालन से ढोसी पहाड़ी तक पहुंच आसान होगी, जिससे देशी और विदेशी पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी।
मुख्यमंत्री श्री सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार राज्य के पर्यटन स्थलों को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत है। पर्यटन केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि यह स्थानीय विकास, रोजगार सृजन और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण का भी प्रभावी जरिया है।
also read: कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा: भगवान विश्वकर्मा दिवस…
बैठक में महेंद्रगढ़ किला, माधोगढ़ किला और बावली के पुनर्विकास पर चर्चा हुई। प्रस्तावित है कि बावली को “रानी महल” के रूप में विकसित किया जाए ताकि वहां सांस्कृतिक और मेहंदी जैसे आयोजनों का संचालन किया जा सके। मुख्यमंत्री ने परियोजना को पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल के तहत विकसित करने का सुझाव दिया।
इसके अलावा, पिंजौर और मोरनी में पर्यटन परियोजनाओं की समीक्षा की गई और निर्देश दिए गए कि इन क्षेत्रों को और आकर्षक व सुन्दर बनाया जाए। कुरुक्षेत्र जिले में निर्माणाधीन ‘अनुभव केंद्र’ की प्रगति की भी समीक्षा की गई और समयबद्ध पूर्णता के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरुण कुमार गुप्ता, नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री ए. के. सिंह, पर्यावरण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री विनीत गर्ग, पर्यटन विभाग की प्रधान सचिव श्रीमती कला रामचंद्रन, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव श्री यशपाल यादव, पर्यटन निगम के प्रबंध निदेशक डॉ. शालीन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।