मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का बड़ा कदम: 33 ढाणियों में पेयजल आपूर्ति और 12 नए गांवों में सीवरेज सुविधा
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जलापूर्ति एवं सीवरेज बोर्ड की 58वीं बैठक में राज्य के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति और सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई अहम निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब 33 ढाणियों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी और अमरूत 2.0 योजना के तहत 12 नए गांवों में सीवरेज सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
बैठक में जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति हर घर तक पहुंचाने के लिए योजनाओं को तेजी से लागू किया जाए और ग्रामीण क्षेत्रों में सीवरेज सिस्टम के तहत आ रही शिकायतों का समाधान भी किया जाए। उन्होंने कहा कि यह कार्य योजनाबद्ध तरीके से होना चाहिए ताकि जनता को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।
अमरूत 2.0 योजना के तहत 12 नए गांवों में सीवरेज सुविधा
बैठक में अमरूत 2.0 योजना के तहत सीवरेज स्थापित करने के बाद एसटीपी (सिवेज ट्रीटमेंट प्लांट) की स्थापना में आ रही समस्याओं पर भी चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना के तहत गांवों का चयन करते समय यह सुनिश्चित किया जाए कि वहां एसटीपी पहले से स्थापित हो, ताकि पूरी प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके। अधिकारियों ने बताया कि अब तक 17 प्रोजेक्ट्स पूरे किए जा चुके हैं, और अगले चरण में 12 नए गांवों में सीवरेज कार्य शीघ्र शुरू होगा।
मुख्यमंत्री ने गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए क्वालिटी एशोरेंस अथॉरिटी (क्यूएए) से इन प्रोजेक्ट्स की समय-समय पर जांच करवाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहरी इलाकों में सीवरेज नेटवर्क को अपग्रेड किया जाएगा और गंदे पानी के ट्रीटमेंट के लिए नए प्रोजेक्ट्स तैयार किए जाएंगे।
स्वच्छ पेयजल और सुदृढ़ सीवरेज व्यवस्था की आवश्यकता
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि स्वच्छ पेयजल और सुदृढ़ सीवरेज व्यवस्था न केवल लोगों के स्वास्थ्य के लिए बल्कि पर्यावरण की सुरक्षा के लिए भी बेहद जरूरी है। बैठक में यह भी तय किया गया कि सभी विभाग आपसी तालमेल से काम करेंगे ताकि जनता को समय पर और उच्च गुणवत्ता वाली सेवाएं मिल सकें।
बैठक में मौजूद अधिकारी
बैठक में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के आयुक्त एवं सचिव मोहम्मद शाइन, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. साकेत कुमार, और हरियाणा जल संसाधन प्राधिकरण की अध्यक्ष श्रीमती केशनी आनंद अरोड़ा समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।