हरियाणा के नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल ने विकसित हरियाणा का रोडमैप रखा, हिसार एयरपोर्ट पर खास जोर
हरियाणा के नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल ने देहरादून में आयोजित केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री सम्मेलन में हिसार एयरपोर्ट के विकास और हरियाणा के एविएशन रोडमैप पर विस्तार से चर्चा की। जानें पूरी खबर।
देहरादून में आयोजित केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री सम्मेलन में हरियाणा के नागरिक उड्डयन, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन और शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने राज्य का प्रतिनिधित्व किया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व में हरियाणा का नागरिक उड्डयन विभाग तेजी से विकास कर रहा है और राष्ट्रीय एविएशन क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण पहचान बना रहा है।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय और राज्यों के बीच समन्वय की ऐतिहासिक पहल
इस दो दिवसीय सम्मेलन का उद्देश्य केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI), DGCA और राज्यों के नागरिक उड्डयन विभागों के बीच बेहतर संवाद एवं समन्वय स्थापित करना था। मंत्री विपुल गोयल ने केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इस अभिनव पहल के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि “उड़ान योजना के तहत नए एयरपोर्ट्स का निर्माण भारत की बदलती एविएशन छवि का प्रतीक है।”
हिसार एयरपोर्ट: उत्तर भारत के प्रमुख एविएशन हब के रूप में विकास
विपुल गोयल ने अप्रैल में हिसार एयरपोर्ट के उद्घाटन और वहां से नियमित उड़ानों की शुरुआत को हरियाणा के लिए ऐतिहासिक बताया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से हिसार एयरपोर्ट के विस्तार के लिए राज्य को सहयोग देने का आग्रह किया। हिसार एयरपोर्ट 7200 एकड़ क्षेत्र में फैला है, जिसमें 4000 मीटर लंबा रनवे, उत्कृष्ट सड़क एवं रेल कनेक्टिविटी है, जो इसे उत्तर भारत का प्रमुख एविएशन केंद्र बनाने में सक्षम बनाता है।
MRO, हेलीपोर्ट और एयर एंबुलेंस सेवाओं पर विशेष ध्यान
हरियाणा सरकार ने गुरुग्राम और फरीदाबाद में हेलीपोर्ट विकसित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके अलावा, हरियाणा के नागरिक उड्डयन मंत्री ने प्रस्ताव रखा कि एक्सप्रेसवे के साथ एयर एंबुलेंस स्ट्रिप्स का निर्माण अनिवार्य किया जाए ताकि आपातकालीन सेवाओं को तेजी मिले। उन्होंने चंडीगढ़ प्रशासन से भी भूमि उपलब्ध कराकर राज्य के साथ मिलकर हवाई कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने का अनुरोध किया।
खेल, प्रशिक्षण और रिक्रिएशनल एविएशन में हरियाणा की पहल
मंत्री विपुल गोयल ने बताया कि हरियाणा नागरिक उड्डयन विभाग केवल यात्री उड़ानों तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल और रिक्रिएशनल एविएशन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। भिवानी और महेन्द्रगढ़ में अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल परिसर बनाए जा रहे हैं, साथ ही फ्लाइंग ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट स्थापित किया जा रहा है ताकि पायलट प्रशिक्षण में हरियाणा अग्रणी बने।
हरियाणा की उड़ान, विकसित भारत के सपने की ओर
कार्यक्रम के अंत में मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा का नागरिक उड्डयन विभाग विकसित भारत की दिशा में निरंतर काम कर रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से सहयोग की अपील की और राज्य की तरफ से पूरा योगदान देने का आश्वासन दिया।