Select Page

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने लाडवा में तीन दिवसीय दिव्य गीता सत्संग का किया शुभारंभ

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने लाडवा में तीन दिवसीय दिव्य गीता सत्संग का किया शुभारंभ

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी: दुनिया के मार्गदर्शक बनने के लिए पवित्र ग्रंथ गीता के उपदेशों को बनाना होगा जीवन का आदर्श

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रत्येक मनुष्य को पवित्र ग्रंथ गीता के उपदेशों को अपने जीवन में धारण करना होगा। इन उपदेशों के माध्यम से ही विश्व को एक मंच पर लाया जा सकता है, क्योंकि इन उपदेशों में ही पूरे विश्व की चिंता, भय, आतंकवाद तनाव सहित तमाम समस्याओं का समाधान निहित है। इतना ही नहीं, विश्व की तमाम चुनौतियों का सामना करने के लिए इस दिव्य ग्रंथ से ज्ञान और कर्म करने का संदेश मिलता है।

मुख्यमंत्री शनिवार को लाडवा हिन्दु हाई स्कूल के प्रांगण में श्री कृष्ण कृपा के सहयोग से आयोजित तीन दिवसीय दिव्य गीता सत्संग के शुभारंभ अवसर पर बोल रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री ने पवित्र ग्रंथ गीता का पूजन कर आरती की और गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी को स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने दिव्य गीता सत्संग के लिए 21 लाख रुपए की अनुदान राशि देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राचीन काल से संतों और गुरुओं ने आध्यात्म की सच्ची राह दिखाने का काम किया है। इसी परंपरा को गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद आगे बढ़ाने के लिए एक संवाहक का काम कर रहे हैं। गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद पवित्र ग्रंथ गीता के उपदेशों का विश्व के कोने-कोने में प्रचार प्रसार कर रहे है। स्वामी ज्ञानानंद के प्रयासों से ही गीता जयंती के छोटे से समारोह को वर्ष 2016 से अंतरराष्ट्रीय महोत्सव के रूप में मनाया जाने लगा है। अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन देश में ही नहीं अपितु मॉरीशस, लंदन, ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, कनाडा में आयोजित किया गया। इन कार्यक्रमों के सफल आयोजन में गीता ज्ञान संस्थानम का भी अहम योगदान रहा है। इस संस्थान में गीता के उपदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अच्छे प्रचारक भी तैयार किए जा रहे है।

उन्होंने कहा कि पवित्र ग्रंथ गीता के उपदेशों में 21वीं सदी की सभी समस्याओं का समाधान और मानवता के कल्याण का मार्ग दिखाया गया है। इन अमर संदेशों से पूरे विश्व को एकता और भाईचारे को एक सूत्र में बांधा जा सकता है।

गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने दिव्य गीता सत्संग के पहले दिन पवित्र ग्रंथ गीता प्रारंभ होने की कथा को सबके समक्ष रखा और बताया कि पवित्र ग्रंथ गीता में 700 श्लोक है। इन श्लोकों में चिंता, भाव, आस्था और विश्व की तमाम समस्याओं का समाधान करने का मार्ग दिखाया गया है।

उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर ही पवित्र ग्रंथ गीता की रचना हुई। इस पावन धरा पर 5162 वर्ष पूर्व महाभारत युद्ध के दौरान  भगवान श्री कृष्ण ने पूरी मानवता को कर्म करने का संदेश दिया। गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद ने पवित्र ग्रंथ गीता के पहले श्लोक की व्याख्या को हजारों श्रद्धालुओं के समक्ष प्रस्तुत किया।

सत्संग कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि विधानसभा सत्र में विपक्ष के सभी लोगों को ध्यान से सुना और उनका जवाब भी दिया, लेकिन जब सरकार द्वारा प्रदेश के विकास के लिए करवाए गए कार्यों को रखा तो विपक्ष के सभी लोग सदन छोड़कर बाहर चले गए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश का बजट विधानसभा में 17 मार्च को प्रस्तुत किया जाएगा। यह गरीब, किसानों, महिलाओं और युवाओं सहित हर वर्ग के कल्याण का बजट होगा।

About The Author

Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *