Select Page

तंजानिया के प्रतिनिधिमंडल ने CM Nayab Singh Saini से की मुलाकात

तंजानिया के प्रतिनिधिमंडल ने CM Nayab Singh Saini से की मुलाकात

CM Nayab Singh Saini: तंजानिया ने आईटी व खेल क्षेत्र में कौशल प्रशिक्षण के लिए हरियाणा से मांगा सहयोग

हरियाणा के CM Nayab Singh Saini से यहां उनके आवास संत कबीर कुटीर पर संयुक्त गणराज्य तंजानिया के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में जांजीबार-तंजानिया की सूचना, संस्कृति, कला, युवा मामले और खेल मंत्री सुश्री ताबिया मौलिद माविता और संयुक्त गणराज्य तंजानिया के उच्चायोग के पूर्णाधिकारी मंत्री श्री फानूएल मथिया शामिल थे। इस दौरान हरियाणा और तंजानिया के मध्य विभिन्न क्षेत्रों में परस्पर सहयोग की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

श्री नायब सिंह सैनी ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया और अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव-2024 में भागीदार देश के रूप में तंजानिया की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए उनका धन्यवाद किया। प्रतिनिधिमंडल ने अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के माध्यम से हरियाणा और तंजानिया के बीच सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों को मजबूत करने में हरियाणा सरकार के प्रयासों की सराहना की।

तंजानिया ने आईटी व खेल क्षेत्र में कौशल प्रशिक्षण के लिए हरियाणा से मांगा सहयोग

चर्चा के दौरान, प्रतिनिधिमंडल ने हरियाणा के सहयोग से आईटी क्षेत्र में लगभग 3 लाख पेशेवरों के कौशल प्रशिक्षण में गहरी रुचि व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को हरियाणा सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में विभिन्न कौशल प्रशिक्षण केंद्र संचालित हैं, जिनका उपयोग तंजानिया के आईटी पेशेवरों को प्रशिक्षित करने के लिए किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पलवल में श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय और गुरुग्राम में हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान इस उद्देश्य के लिए विभिन्न क्षेत्रों में कौशल संवर्धन हेतु महत्वपूर्ण प्रशिक्षण केंद्र के रूप में कार्य कर सकते हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने खेलों के क्षेत्र में हरियाणा द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की भी सराहना की। प्रतिनिधिमंडल ने दार-एस-सलाम, डोडोमा और अरूशा क्षेत्रों में अपने तीन स्टेडियमों के लिए हरियाणा से कोच और प्रशिक्षकों की व्यवस्था करने के लिए सहयोग की मांग की। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

प्रतिनिधिमंडल द्वारा मुख्यमंत्री को तंजानिया में सोने, तंजानाइट और अन्य रत्नों के खनन और निर्यात में किए जा रहे कार्यों के बारे में भी जानकारी दी गई। प्रतिनिधिमंडल ने श्री नायब सिंह सैनी को तंजानिया-जांजीबार आने का निमंत्रण दिया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि तंजानिया सरकार भविष्य में भी हरियाणा सरकार के साथ सहयोग करने के लिए तत्पर है।

उल्लेखनीय है कि हरियाणा सरकार मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में ‘गो ग्लोबल अप्रोच’ के माध्यम से हरियाणा को व्यावसायिक दृष्टि से विकसित करने के विजन के अनुरूप दुनियाभर के विभिन्न देशों के शीर्ष प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग कर रही है। इस संबंध में, प्रतिनिधिमंडल ने आउटरीच गतिविधियों को बढ़ाने के लिए विदेश सहयोग विभाग की सराहना की, जिनके प्रयासों से दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने में मदद मिलती है। विभाग की ओर से राज्य की कूटनीति, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर द्विपक्षीय और बहुपक्षीय संबंधों को कुशलतापूर्वक बनाए रखने और दुनिया भर में हरियाणवी प्रवासियों की सहायता के लिए कार्य किए जा रहे हैं। इस अवसर पर विदेश सहयोग विभाग के अधिकारी भी उपस्थित थे।

source: http://prharyana.gov.in

About The Author

Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *