केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उत्तर प्रदेश और गुजरात में खरीफ 2025-26 की फसलों की पारदर्शी खरीद को दी मंजूरी
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने खरीफ 2025-26 के लिए उत्तर प्रदेश और गुजरात में प्रमुख दलहन एवं तिलहन फसलों की खरीद की मंजूरी दी है। मंत्री ने किसानों से उड़द और तूर की 100% खरीद को मंजूरी देते हुए कहा कि इससे किसानों को बेहतर मूल्य मिलेगा और उनकी आय में वृद्धि होगी। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में मूंग, तिल, मूंगफली और गुजरात में सोयाबीन, मूंग व मूंगफली की भी खरीद की अनुमति दी गई है।
श्री चौहान ने खरीदी प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और डिजिटल बनाने के निर्देश दिए हैं ताकि किसानों को सीधे लाभ मिल सके और कोई बिचौलिया फायदा न उठा सके। खरीद केंद्रों पर बायोमेट्रिक और पीओएस मशीनों के माध्यम से प्रमाणीकरण होगा, जिससे केवल पंजीकृत किसान ही एमएसपी पर फसल बेच सकेंगे। इस प्रक्रिया से कुल 13,890.60 करोड़ रुपये की उपज खरीदी जाएगी, जिससे हजारों किसानों को लाभ मिलेगा।
उत्तर प्रदेश में उड़द की 2,27,860 मीट्रिक टन, तूर की 1,13,780 मीट्रिक टन, मूंग की 1,983 मीट्रिक टन, तिल की 30,410 मीट्रिक टन और मूंगफली की 99,438 मीट्रिक टन खरीद की स्वीकृति मिली है। वहीं गुजरात में उड़द की 47,780 मीट्रिक टन, सोयाबीन की 1,09,905 मीट्रिक टन, मूंगफली की 12,62,163 मीट्रिक टन और मूंग की 4,415 मीट्रिक टन खरीद की मंजूरी दी गई है।
केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि डिजिटल और पारदर्शी खरीद प्रणाली से किसानों को सही दाम मिलेगा और समय पर भुगतान भी सुनिश्चित होगा। उन्होंने कहा कि खरीफ फसल की खरीद मात्रा आवश्यकता अनुसार संशोधित भी की जा सकती है ताकि किसानों को अधिकतम लाभ मिल सके।
यह पहल किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र में स्थिरता लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जो भारतीय कृषि की मजबूती और किसान कल्याण को बढ़ावा देगी।