प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नामीबिया की राष्ट्रपति से की ऐतिहासिक मुलाकात, द्विपक्षीय सहयोग को दी नई दिशा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नामीबिया की राष्ट्रपति से मुलाकात कर UPI, स्वास्थ्य, कृषि और रक्षा सहित कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। द्विपक्षीय समझौतों और रणनीतिक साझेदारी की नई दिशा तय की।
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नामीबिया की ऐतिहासिक राजकीय यात्रा के दौरान राजधानी विंडहोक स्थित स्टेट हाउस में नामीबिया की राष्ट्रपति डॉ. नेटुम्बो नंदी-नदैतवा से मुलाकात की। यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की 27 वर्षों में पहली आधिकारिक यात्रा रही, और साथ ही राष्ट्रपति नंदी-नदैतवा के कार्यभार ग्रहण के बाद किसी भी राष्ट्राध्यक्ष की पहली द्विपक्षीय यात्रा भी रही।
भारत-नामीबिया संबंधों में नया अध्याय
प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति नंदी-नदैतवा के बीच हुई वार्ता में दोनों देशों के ऐतिहासिक और मित्रवत संबंधों पर चर्चा हुई। पीएम मोदी ने राष्ट्रपति बनने पर उन्हें बधाई दी और नामीबिया के संस्थापक डॉ. सैम नुजोमा के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया।
द्विपक्षीय सहयोग के प्रमुख क्षेत्र
बैठक के दौरान कई अहम क्षेत्रों में रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी, जिनमें शामिल हैं:
-
डिजिटल तकनीक और यूपीआई (UPI)
-
रक्षा और समुद्री सुरक्षा
-
कृषि, स्वास्थ्य और फार्मास्युटिकल्स
-
ऊर्जा और महत्वपूर्ण खनिज संसाधन
-
महिला सशक्तिकरण व बाल कल्याण
पीएम मोदी ने भारतीय UPI तकनीक को अपनाने के लिए नामीबिया द्वारा लाइसेंसिंग समझौते पर हस्ताक्षर करने की सराहना की। नामीबिया ऐसा करने वाला पहला देश बन गया है।
पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण में सहयोग
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत में चल रही चीता परियोजना में नामीबिया के योगदान के लिए आभार व्यक्त किया और नामीबिया को इंटरनेशनल बिग कैट एलायंस में शामिल होने का निमंत्रण दिया। दोनों नेताओं ने प्राकृतिक आपदाओं से निपटने और जैव ईंधन जैसे क्षेत्रों में मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
वैश्विक मुद्दों पर साझा दृष्टिकोण
-
प्रधानमंत्री मोदी ने पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भारत को दिए समर्थन के लिए नामीबिया का आभार जताया।
-
दोनों नेता आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक एकजुटता और ग्लोबल साउथ की आवाज़ को मजबूत करने के लिए मिलकर काम करने पर सहमत हुए।
समझौतों और घोषणाएं
-
स्वास्थ्य और उद्यमिता में दो समझौता ज्ञापनों (MoUs) पर हस्ताक्षर हुए।
-
नामीबिया ने Coalition for Disaster Resilient Infrastructure (CDRI) और Global Biofuel Alliance में आधिकारिक सदस्यता प्राप्त की।
-
कृषि में ड्रोन तकनीक के उपयोग पर भारतीय अनुभव साझा किया गया।
राजकीय भोज और भारत यात्रा का निमंत्रण
राष्ट्रपति नंदी-नदैतवा ने प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में भोज का आयोजन किया। प्रधानमंत्री ने उन्हें भारत आने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया।