जन विश्वास-जन विकास समारोह में प्रधानमंत्री मोदी देंगे प्रदेश को विकास की नई सौगातें, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने तैयारियों का किया जायजा
हरियाणा के जन विश्वास-जन विकास समारोह में 17 अक्टूबर को प्रधानमंत्री मोदी देंगे प्रदेश को विकास की नई सौगातें। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने समारोह स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया।
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि 17 अक्टूबर को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी सोनीपत के राई एजुकेशन सिटी में आयोजित जन विश्वास-जन विकास समारोह में प्रदेशवासियों को विकास की कई नई सौगातें देंगे। यह कार्यक्रम हरियाणा सरकार के तीसरे कार्यकाल के एक वर्ष पूरा होने के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने समारोह स्थल का दौरा कर मुख्य मंच, वीआईपी स्टेज, कल्चर स्टेज, प्रदर्शनी हैंगर और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समयबद्ध और पूर्ण रूप से पूरी की जाएं। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के लिए कहा कि यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, हैलीपैड सुविधाएं और पुलिस सुरक्षा से संबंधित सभी पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जाए।
also read: हरियाणा में प्रधानमंत्री ‘धन-धान्य कृषि योजना’ और ‘दलहन…
सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस समारोह में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी शामिल होंगे। इसलिए सभी लाभार्थियों को उनके संबंधित सेक्टर में बैठाने और उनके पेयजल व सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि हरियाणा में भाजपा की सरकार लगातार जनता के विकास और कल्याण के लिए कार्य कर रही है। पहले जहां सरकारी नौकरियों के लिए पर्ची और खर्ची की आवश्यकता होती थी, अब नॉन स्टॉप और पारदर्शी प्रणाली से रोजगार उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
इस मौके पर मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, विधायक निखिल मदान, कृष्णा गहलोत, पवन खरखौदा, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और मेयर राजीव जैन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।