मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी: पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं की भागीदारी महिला सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार का महत्वपूर्ण कदम
मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी: मौजूदा राज्य सरकार ने महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए पंचायती राज संस्थाओं में पढ़ी लिखी महिलाओं को शामिल कर अनूठा और अनुकरणीय निर्णय लिया है।
हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, अनुसूचित जातियां एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण और अंत्योदय, सत्कार व वास्तुकला मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि मौजूदा राज्य सरकार ने महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए पंचायती राज संस्थाओं में पढ़ी लिखी महिलाओं को शामिल कर अनूठा और अनुकरणीय निर्णय लिया है। इस निर्णय से पुरुष वर्ग के साथ-साथ महिलाओं में भी नई जाग्रति आई है। महिला कल्याण के लिए सरकार द्वारा लिए गए विभिन्न फैसलों का ही परिणाम है कि वर्तमान में शिक्षा, खेल, प्रशासनिक सेवाएं व अन्य समाज कल्याण के क्षेत्रों में महिलाओं का बराबर योगदान नजर आ रहा है। जो काबिले तारीफ है।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी रविवार को नरवाना विधानसभा क्षेत्र के गांव जुलहेड़ा में आयोजित ग्रामीण जनसभा को संबोधित कर रहे थे। कैबिनेट मंत्री ने ग्राम पंचायत द्वारा रखी सभी 15 मांगों को मंजूर किया। श्री बेदी ने गांव की सामान्य चौपाल के निर्माण के लिए 25 लाख रुपये, गांव की फिरनी निर्माण और गंदे पानी की निकासी के प्रबंध के लिए 30 लाख रूपये, वाल्मीकि द्वार निर्माण के लिए 5 लाख रुपये, सौ-सौ गज प्लाट वाली कॉलोनी में गलियों के निर्माण के लिए 18 लाख रूपये, स्कूल में शैड के लिए 20 लाख रूपये, स्टेडियम की चार दीवारी करीब 18 लाख रूपये अनुदान राशि देने की घोषणा की।
इसके अलावा कैबिनेट मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर भवन निर्माण, गंदे पानी की निकासी के लिए गांव से बाहर बड़ी डिग्गी के निर्माण, ई-लाइब्रेरी, स्कूल व सभी पार्क में ओपन जिम की व्यवस्था, गांव में दो स्वर्ग द्वार, जर्जर पशु अस्पताल का पुननिर्माण, गांव में स्वास्थ्य केंद्र या आयुष अस्पताल सहित सभी विकास कार्यों के संबंधित विभागों को तुरंत एस्टीमेट बनाने के निदेश भी दिए।
कैबिनेट मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि गांव के लोगों ने चुनाव के दौरान उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरा खरा उतरेंगे और आवश्यकता के अनुसार गांव की सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिना किसी पक्षपात के जरूरी परियोजनाओं को क्रियांवित करवाया जाएगा। नरवाना विधानसभा क्षेत्र भविष्य में विकास की नई राहों पर अग्रसर होगा और एक विकास मॉडल के रूप में उभरेगा। शहरी क्षेत्र के साथ साथ ग्रामीण क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए धनराशि की कमीं नहीं रहने दी जाएगी।