Select Page

मंत्री श्री अनिल विज ने 3,000 रुपये का फास्टैग आधारित वार्षिक पास की शुरुआत के निर्णय का किया स्वागत

मंत्री श्री अनिल विज ने 3,000 रुपये का फास्टैग आधारित वार्षिक पास की शुरुआत के निर्णय का किया स्वागत

मंत्री श्री अनिल विज: आगामी 15 अगस्त, 2025 से निजी वाहनों के लिए यह पास सुविधा होगी प्रभावी, इस योजना से निजी वाहन मालिकों को काफी लाभ मिलेगा

हरियाणा के परिवहन मंत्री श्री अनिल विज ने आज केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी द्वारा आगामी 15 अगस्त, 2025 से निजी वाहनों के लिए 3,000 रुपये का फास्टैग आधारित वार्षिक पास की शुरुआत के निर्णय का स्वागत किया और कहा कि इस योजना से निजी वाहन मालिकों को काफी लाभ मिलेगा।

मंत्री श्री अनिल विज आज मीडिया कर्मियों द्वारा फास्टैग आधारित वार्षिक पास की शुरुआत के संबंध में पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे।

उन्होंने कहा कि केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने आज एक ऐतिहासिक निर्णय लिया है और इस निर्णय से निजी वाहन मालिकों को काफी सुविधा मिलेगी, क्योंकि निजी वाहन मालिकों को अपने वाहनों के साथ बार-बार टोल प्लाजा पर खड़ा होना पड़ता था और उनका समय खराब होने के साथ-साथ गाड़ियों के रुके रहने से होने से पेट्रोल/डीजल भी बर्बाद होता था।

मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि टोल प्लाजाओं पर कई बार लोगों का टोल को लेकर विवाद भी हो जाता था, लेकिन अब इस निर्णय से लोगों को राहत मिलेगी और वित्तीय तौर पर भी जनता को लाभ होगा।

मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि वार्षिक पास पूरे देश में राष्ट्रीय राजमार्गों पर निर्बाध और लागत प्रभावी यात्रा प्रदान करने में मदद करेगा, इसलिए वे इस निर्णय का स्वागत करते हैं।

उल्लेखनीय है कि सरकार 15 अगस्त, 2025 से निजी वाहनों के लिए 3,000 रुपये का फास्टैग आधारित वार्षिक पास शुरू करेगी। यह पास सुविधा विशेष रूप से गैर-वाणिज्यिक निजी वाहनों के लिए तैयार की गई है। यह पास एक्टिव होने की तारीख से एक साल या 200 यात्राओं, जो भी पहले होगा, तक के लिए वैध रहेगा। यह देशभर के राष्ट्रीय राजमार्गों पर निर्बाध यात्रा को संभव बनाएगा।

गौरतलब है कि वार्षिक पास को सक्रिय करने, नवीनीकरण के लिए जल्द ही राजमार्ग यात्रा एप और एनएचएआई या सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की वेबसाइट्स पर एक अलग लिंक उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे प्रक्रिया सरल और सुगम होगी।

About The Author

Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *