मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी: मातनहेल कॉलेज बिल्डिंग की जांच होगी, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई
मातनहेल कॉलेज बिल्डिंग की पूरी जांच होगी, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी – मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया आश्वासन।
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मातनहेल कॉलेज की बिल्डिंग निर्माण के सभी पहलुओं की पूरी जांच की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिल्डिंग कब और किस प्रकार बनी, निर्माण के समय किन मानकों का पालन हुआ और कौन-कौन सी सामग्री का इस्तेमाल हुआ, इसकी भी समीक्षा की जाएगी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जांच के बाद यदि कोई भी दोषी पाया गया, तो उसके खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा मंत्री ने सकारात्मक रवैया दिखाते हुए प्रस्ताव रखा है कि विधायक श्रीमती गीता भुक्कल को भी जांच में शामिल किया जाएगा ताकि सभी पहलुओं का वास्तविक आकलन किया जा सके।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यह जानकारी हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन दी, जब विधायक श्रीमती गीता भुक्कल ने इस विषय पर प्रश्न पूछा। मुख्यमंत्री ने कहा कि विभागीय मानकों के अनुसार हर सरकारी भवन की एक निश्चित उम्र निर्धारित होती है और उस आधार पर ही इसकी जांच करवाई जाएगी।
उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं करेगी और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।