Select Page

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल: करनाल के एलिवेटेड फ्लाईओवर का नाम होगा “अटल सेतु”, दिसंबर 2026 तक पूरा होगा निर्माण

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल: करनाल के एलिवेटेड फ्लाईओवर का नाम होगा “अटल सेतु”, दिसंबर 2026 तक पूरा होगा निर्माण

करनाल में बन रहे एलिवेटेड फ्लाईओवर का नाम “अटल सेतु” रखा जाएगा, निर्माण दिसंबर 2026 तक पूरा होगा। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने परियोजना का निरीक्षण किया।

केन्द्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल ने करनाल शहर में चल रही विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया और बताया कि शहर के बीचों-बीच बन रहे एलिवेटेड फ्लाईओवर का काम तेजी से चल रहा है। यह फ्लाईओवर दिसंबर 2026 तक पूरा होने का लक्ष्य है।
मंत्री ने कहा कि निर्माण पूरा होने के बाद इस फ्लाईओवर का नाम पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के सम्मान में “अटल सेतु” रखा जाएगा।

करनाल दौरे पर मनोहर लाल ने परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा

मनोहर लाल ने करनाल में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि उनका मुख्य कार्यक्रम विदेशों में रोजगार के लिए चयनित युवाओं को ऑफर लेटर वितरण करना है। उन्होंने हरियाणा सरकार की इस पहल की सराहना की और बताया कि इससे युवाओं को बिना किसी खर्चे के विदेशों में रोजगार के अवसर मिल रहे हैं और दलालों के चंगुल से भी मुक्ति मिल रही है। मंत्री ने कहा कि जल्द ही 7600 और युवाओं को विदेश रोजगार के अवसर मिलेंगे।

128 करोड़ की एलिवेटेड फ्लाईओवर परियोजना का निरीक्षण

मंत्री ने सबसे पहले सेक्टर 13 और 14 के बीच बन रहे एलिवेटेड फ्लाईओवर का निरीक्षण किया, जिसकी अनुमानित लागत लगभग 128 करोड़ रुपये है। स्मार्ट सिटी परियोजना के सीईओ उत्तम सिंह ने बताया कि यह निर्माण 19 जनवरी 2025 से शुरू हुआ था और अब तक 60-65% काम पूरा हो चुका है। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना को समय से पहले पूरा करने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।

कर्ण कनाल (मुगल कनाल) परियोजना का भी किया निरीक्षण

मंत्री ने इसके बाद कर्ण कनाल (पहले मुगल कनाल) के फेज 2 और 3 के काम का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर की सुंदरता बढ़ाने और नगर निगम के राजस्व स्रोतों को मजबूत करने के लिए योजनाओं को और बेहतर बनाया जाए।
इसके साथ ही फेज 4 में राष्ट्रीय राजमार्ग पार करने के बाद कर्ण कनाल के आगे के हिस्से को शुद्ध पानी आपूर्ति के लिए तैयार करने की योजना बनाने को कहा गया।

पुरानी अनाज मंडी में कमर्शियल प्रोजेक्ट पर भी रखे निर्देश

मनोहर लाल ने पुरानी अनाज मंडी में लगभग 35 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे कमर्शियल प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि इसे जल्द पूरा किया जाए, ताकि नगर निगम की आय बढ़े।

शक्ति कालोनी की परियोजना के अंतिम चरण का भी लिया जायजा

उन्होंने शक्ति कालोनी में 106 करोड़ रुपये की लागत से चल रही परियोजना का भी दौरा किया। अधिकारियों ने बताया कि यह परियोजना अपने अंतिम चरण में है। मंत्री ने कहा कि जैसे ही निर्माण पूरा हो, आगे की प्रक्रिया तुरंत शुरू की जाए।

कार्यक्रम में शामिल रहे अन्य अधिकारी और विधायक

इस अवसर पर नीलोखेड़ी के विधायक भगवान दास कबीर पंथी, असंध के विधायक योगेन्द्र राणा, मेयर रेनू बाला गुप्ता और संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

About The Author

Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *