हरियाणा के शीतकालीन सत्र में 16 विधेयक पारित, 42 राज्य अधिनियमों के 164 प्रावधान अपराध-मुक्त: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी: हरियाणा शीतकालीन सत्र में 16 विधेयक पारित, 42 राज्य अधिनियमों के 164 प्रावधान अपराध-मुक्त, कांग्रेस का रवैया रहा उदासीन
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि 18 दिसंबर से शुरू हुए शीतकालीन विधानसभा सत्र में कुल 4 बैठकें आयोजित की गईं, जिनमें लगभग 23 घंटे सकारात्मक चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र सिंह कल्याण, विपक्ष और पक्ष के सदस्यों, अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ पत्रकारों का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने सत्र के सुचारू संचालन में सहयोग दिया।
मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कांग्रेस का सत्र के दौरान रवैया प्रदेश की 2 करोड़ 80 लाख जनता के प्रति उदासीन रहा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाना और चुनाव सुधारों पर चर्चा में भाग न लेना प्रदेश की जनहित प्राथमिकताओं के प्रति उनकी गंभीरता की कमी को दर्शाता है।
सत्र के दौरान 16 विधेयकों को पारित किया गया। मुख्यमंत्री ने बताया कि इन विधेयकों में जन विश्वास विधेयक भी शामिल है, जो नागरिकों और व्यवसायों पर अनुपालन बोझ को कम करता है और ‘न्यूनतम सरकार, अधिकतम शासन’ के सिद्धांत को साकार करता है। इस विधेयक के तहत कुल 42 राज्य अधिनियमों के 164 छोटे-छोटे प्रावधान अपराध-मुक्त किए गए हैं। ये प्रावधान अर्बन लोकल बॉडीज, राजस्व, स्वास्थ्य, कृषि, अग्नि सेवाएं, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग, आबकारी सहित अन्य विभागों से जुड़े हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्र में शिक्षकों और इंस्ट्रक्टर्स की कमी पर भी चर्चा हुई। वर्तमान में व्यावसायिक अध्यापकों के स्वीकृत 2,784 पदों में से 2,052 पद भरे जा चुके हैं।
सत्र के अंतिम दिन चुनाव सुधार प्रक्रिया पर चर्चा की गई। यह प्रक्रिया मतदाता सूची को त्रुटिहीन बनाने, दिवंगत मतदाताओं और दोहरे नामों को हटाने और नए योग्य मतदाताओं को जोड़ने के लिए महत्वपूर्ण है। यह कार्य अनुच्छेद 324 के तहत चुनाव आयोग का संवैधानिक दायित्व है और चुनावी निष्पक्षता सुनिश्चित करता है।
मुख्यमंत्री ने वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने की बात भी कही और बताया कि आगामी वर्ष में इसके प्रति जागरूकता फैलाने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1,50,000 से अधिक लोगों को मकान बनाकर चाबी सौंपने और 4,000 लोगों को 100-100 वर्ग गज के प्लॉट देने की जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि गरीब परिवारों को आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य लाभ दिया गया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल कौशिक, सूचना, जन संपर्क और भाषा विभाग के महानिदेशक पार्थ गुप्ता, मीडिया सलाहकार राजीव जेटली और मीडिया सचिव प्रवीण अत्रेय भी मौजूद रहे।