हरियाणा में पैक्स के लिए 15 लाख रुपए की जीरो प्रतिशत ब्याज सुविधा: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की बड़ी घोषणा
हरियाणा सरकार पैक्स के लिए 15 लाख रुपए तक का जीरो प्रतिशत ब्याज ऋण देगी, साथ ही समय पर भुगतान करने वाले पैक्स को 10% ब्याज राहत मिलेगी।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज घोषणा की कि प्रदेश में सहकारिता के क्षेत्र में पैक्स (Primary Agricultural Credit Societies) के लिए 15 लाख रुपए तक का ऋण जीरो प्रतिशत ब्याज पर दिया जाएगा। यह लोन राज्य के सहकारी बैंकों के माध्यम से उपलब्ध होगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि जो पैक्स समय पर ऋण का भुगतान करेंगे, उन्हें हरियाणा सरकार द्वारा 10 प्रतिशत ब्याज राहत (Interest Subvention) भी प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री यह घोषणा पंचकूला में आयोजित मेगा कोऑपरेटिव कॉन्फ्रेंस में कर रहे थे। इस अवसर पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह भी उपस्थित रहे।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ के मंत्र को आगे बढ़ाते हुए राष्ट्रीय सहकारिता नीति-2025 लागू की गई है। इस नीति में किसानों, दुग्ध उत्पादकों, ग्रामीण महिलाओं और कमजोर वर्गों को केंद्र में रखा गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हरियाणा इस नीति को लागू करने में अग्रिम राज्यों में शामिल होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सहकारिता को नई दिशा, नई पहचान और ताकत देने के संकल्प के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सहकारिता भारत की कृषि, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसान कल्याण के लिए मजबूत आधार बन रही है। केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह द्वारा प्रदेश के लिए दिए गए विभिन्न विकास कार्यक्रमों और सौगातों पर मुख्यमंत्री ने आभार व्यक्त किया।
नायब सिंह सैनी ने बताया कि साल 2021 में भारत में पहली बार सहकारिता मंत्रालय का गठन किया गया, जो केवल प्रशासनिक बदलाव नहीं बल्कि सहकारी संस्थाओं को नई ऊर्जा और दिशा देने वाला ऐतिहासिक कदम था। उन्होंने कहा कि सहकारिता हमारी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक जीवन का हिस्सा रही है। ‘एकता में शक्ति’ के सिद्धांत पर आधारित यह आंदोलन आज कृषि क्षेत्र में बदलाव की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरा है।
मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि हरियाणा में सहकारिता आंदोलन को और मजबूती देकर प्रदेश को विकसित भारत और विकसित हरियाणा की दिशा में तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज की कांफ्रेंस का विषय—‘कृषि के सतत विकास में सहकारिता की भूमिका’—इस दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
इस अवसर पर केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा, सहकारिता मंत्री अरविंद शर्मा, कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी, सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव, खेल मंत्री गौरव गौतम, हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, कृभको अध्यक्ष वी सुधाकर चौधरी और प्रबंध निदेशक एस.एस. यादव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।