मंत्री श्याम सिंह राणा: सरकार का लक्ष्य है कि जनहित की योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग के अंतिम व्यक्ति तक अवश्य पहुंचे
हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है जनहित योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना। यमुनानगर दौरे में ग्रामीणों से मुलाकात कर 25 सितंबर के कार्यक्रम का निमंत्रण दिया।
हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि केन्द्र एवं प्रदेश सरकार ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं। सरकार का लक्ष्य है कि जनहित की योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग के अंतिम व्यक्ति तक अवश्य पहुंचे। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी प्रदेश के विकास को लेकर प्रतिबद्ध हैं और उनके नेतृत्व में राज्य सरकार बिना किसी भेदभाव के समान विकास में विश्वास रखती है।
श्री राणा आज यमुनानगर जिला के जिला के विभिन्न गांव का दौरा कर रहे थे। उन्होंने आगामी 25 सितंबर को रादौर अनाज मंडी में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती समारोह के लिए लोगों को न्यौता दिया।
उन्होंने यमुनानगर जिला के गांव फतेहपुर, सारण, कुलपुर, फरीदपुर और दौलतपुर सहित कई गांवों में पहुंच कर ग्रामीणों को संबोधित किया।
कृषि मंत्री ने कहा कि गांव व शहरों में विकास कार्यों की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी और रोजगार सृजन में भी प्रदेश सरकार ने पिछली सरकारों की तुलना में कई गुणा ज्यादा काम किया है। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए चल रही सरकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं स्वरोजगार कर रही हैं और सरकार उन्हें आसान किस्तों व कम ब्याज दर पर ऋण भी उपलब्ध करा रही है। इस मौके पर उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी।