Select Page

हरियाणा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी: कांग्रेस और आप की नीतियों ने ‘रंगला पंजाब’ को बना दिया ‘कंगला पंजाब’

हरियाणा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी: कांग्रेस और आप की नीतियों ने ‘रंगला पंजाब’ को बना दिया ‘कंगला पंजाब’

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की नीतियों ने रंगला पंजाब को कंगला पंजाब बना दिया।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) की नीतियों के कारण पंजाब की हालत बहुत खराब हो गई है। उन्होंने बताया कि पहले ‘रंगला पंजाब’ के नाम से मशहूर यह राज्य अब ‘कंगला पंजाब’ बन चुका है। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियाँ जनता की बजाय केवल सत्ता और लाभ में उलझी हैं और पंजाब के विकास को पीछे छोड़ दिया है।

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि पंजाब की जनता में भविष्य को लेकर डर है और लोग मानते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही पंजाब का विकास संभव है।

AAP और कांग्रेस पर तीखा हमला

मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि कांग्रेस ने पंजाब को विकास के मामले में हाशिए पर पहुंचाया, जबकि आम आदमी पार्टी ने सीमाएँ पार कर दी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि AAP भ्रष्टाचार और जनता के शोषण में कांग्रेस से भी आगे है।

किसानों को लेकर दोनों पार्टियों पर आरोप

सैनी ने कहा कि कांग्रेस और AAP ने मिलकर किसानों के साथ अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि जब अरविंद केजरीवाल दिल्ली के CM थे, तब उन्होंने दिल्ली में प्रदूषण के लिए पंजाब और हरियाणा के किसानों को दोषी ठहराया। लेकिन अब पंजाब में चार साल से AAP की सरकार है, फिर भी किसानों की समस्याओं पर किसी ने ध्यान नहीं दिया।

उन्होंने कहा, “एक चुटकला मारता है, दूसरा सुनता है, इनको किसानों से कोई मतलब नहीं।” सैनी ने केजरीवाल पर किसानों का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि हरियाणा में डबल इंजन सरकार ने पराली जलाने की समस्या का समाधान किया, जबकि पंजाब में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

बाढ़ पीड़ितों के लिए दिए वादे, पर कोई कार्रवाई नहीं

मुख्यमंत्री ने पंजाब में हाल ही में आई बाढ़ का जिक्र करते हुए कहा कि पंजाब के CM भगवंत मान ने बाढ़ प्रभावितों को मुआवजे देने की बात कही थी, यहाँ तक कि उन्होंने मुर्गी तक के मुआवजे का वादा किया। लेकिन अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई।

सैनी ने कहा कि मान ने 20 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देने की घोषणा की थी, जबकि केजरीवाल ने गुजरात में कहा कि 50 हजार रुपये प्रति एकड़ दिया गया। उन्होंने पूछा कि 30 हजार रुपये का फर्क किसने लिया?

किसानों की हालत के लिए कांग्रेस जिम्मेदार

नायब सिंह सैनी ने कहा कि देश में कांग्रेस ने 55 वर्षों तक शासन किया, लेकिन किसानों के हितों के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। इसलिए किसानों की वर्तमान हालत के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने हरियाणा में किसानों के लिए कई नई योजनाएं शुरू की हैं और उन्हें मजबूत बनाया है। उन्होंने पंजाब सरकार से कहा कि केवल बयानबाजी की बजाय किसानों के लिए वास्तविक कदम उठाएं।

AAP और कांग्रेस का समझौता, जनता में रोष

सैनी ने कहा कि AAP और कांग्रेस के बीच मुकाबला चल रहा है, लेकिन जब दोनों को लगता है कि उनकी बात नहीं बन रही, तो वे आपस में समझौता कर लेते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता अब खुलकर कह रही है कि उन्हें चुनावी वादों से भ्रमित किया गया।

उन्होंने कहा कि लोग अब समझ रहे हैं कि भ्रष्टाचार और शोषण के मामले में AAP की नीतियाँ कांग्रेस से भी गंभीर हैं।

पंजाब दौरे को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का जवाब

पंजाब दौरे के बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वे एक सामान्य पार्टी कार्यकर्ता के रूप में अपने दायित्वों का पालन कर रहे हैं और पंजाब में लगातार दौरे कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि श्री मुक्तसर साहिब के माघी मेले में कांग्रेस ने गुरुओं को सम्मान देने के लिए मंच तक नहीं लगाया।

पंजाब विधानसभा चुनाव में BJP अकेले चुनाव लड़ेगी या गठबंधन, इस पर उन्होंने कहा कि अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व करेगा। उन्होंने कहा कि उन्हें जो भी जिम्मेवारी दी जाएगी, वह उसे ईमानदारी से निभाएंगे।

About The Author

Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *