हरियाणा में संस्कृति और विरासत के संरक्षण को बढ़ावा, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुकुल मॉडल का किया अनावरण
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुकुल मॉडल का अनावरण किया, सनातन संस्कृति जागरण महोत्सव में हिस्सा लिया और संस्कृति एवं विरासत के संरक्षण पर जोर दिया।
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में हरियाणा में संस्कृति और विरासत संरक्षण के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। चाहे वह अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव, संत-महापुरुष सम्मान या मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना हो, लक्ष्य यह है कि विकास की गति हरियाणा की सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ी रहे।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी आज पंचकूला में सेक्टर 5 के शालीमार ग्राउंड में आयोजित विश्व जागृति मिशन के सनातन संस्कृति जागरण महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर हरियाणा के विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण और गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज भी उपस्थित थे।
also read: ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं…
मुख्यमंत्री ने विश्व जागृति मिशन के पटियाला में बनने वाले पांचवें गुरुकुल का मॉडल भी अनावरण किया। श्री सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अयोध्या में श्रीराम लला मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर, केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण, उज्जैन महाकाल लोक विकास, सोमनाथ मंदिर क्षेत्र विस्तार और श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर का निर्माण देश में धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक गौरव को मजबूत करने का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परम पूज्य सुधांशु जी महाराज ने विश्वभर में आध्यात्मिक संस्थानों के माध्यम से मानव सेवा और भाईचारे की भावना को फैलाया है। उनके मार्गदर्शन में स्थापित 10 गुरुकुलों और 108 बाल संस्कार केंद्रों का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि युवा संस्कारवान बने और संस्कृति के सच्चे संवाहक बनें।
श्री नायब सिंह सैनी ने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वे अपने घरों को संस्कारों का केंद्र बनाएं और सनातन संस्कृति जागरण अभियान को एक व्यापक जन-आंदोलन में बदलें। इस अवसर पर हरियाणा शिवालिक विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष ओम प्रकाश देवीनगर, बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष बनतो कटारिया और बड़ी संख्या में भक्तजन उपस्थित थे।