मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बाढ़ और भारी बारिश के हालातों पर की अहम बैठक, प्रशासन को दिए सख्त दिशा-निर्देश
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी उपायुक्तों के साथ एक अहम बैठक की, जिसमें प्रदेश में हो रही भारी वर्षा और बाढ़ के संभावित खतरों की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को बाढ़ से बचाव के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और सतर्कता बरतने का आदेश दिया।
मुख्यमंत्री के निर्देश:
-
आवश्यक सतर्कता: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सभी उपायुक्त नदियों के जलस्तर पर लगातार नजर रखें और जिला प्रशासन को किसी भी आपात स्थिति के लिए तैयार रखना चाहिए।
-
स्कूलों की बंदी: जिन जिलों में स्कूल बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं, वहां प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि सभी स्कूल पूरी तरह से बंद रहें।
-
पशुओं की सुरक्षा: उन्होंने पशुधन की सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि प्रभावित इलाकों में पशुओं के लिए चारे और चिकित्सा सेवाओं का इंतजाम किया जाए।
-
जलभराव की रोकथाम: मुख्यमंत्री ने कहा कि आबादी वाले क्षेत्रों में जलभराव न हो, इसके लिए प्रशासन सभी आवश्यक कदम उठाए।
राहत और बचाव कार्यों में सक्रियता
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन से कहा कि वे पंचायत प्रतिनिधियों, रेज़िडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों और सिविल सोसाइटी संगठनों को राहत और बचाव कार्यों में शामिल करें, ताकि प्रभावित लोगों तक जल्दी से मदद पहुँच सके। इसके अलावा, उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और पशुपालन विभाग को अलर्ट पर रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में स्वास्थ्य सेवाएं और पशुओं की देखभाल सुनिश्चित की जा सके।
मुख्यमंत्री ने एचडीआरएफ को अलर्ट पर रखा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा डिजास्टर रिलीफ फोर्स (एचडीआरएफ) को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए और सभी विभागों को किसी भी प्रकार की सहायता के लिए तत्पर रहने को कहा। साथ ही, उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि शहरी क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखी जाए ताकि वर्षा जल निकासी में कोई रुकावट न आए।