मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने शिक्षा विभाग की घोषणाओं की प्रगति की उच्चस्तरीय समीक्षा, अधिकारियों को दिए समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने शिक्षा विभाग की घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा की। अधिकारियों को समयबद्ध क्रियान्वयन और पारदर्शी कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आज चंडीगढ़ सिविल सचिवालय में शिक्षा विभाग की मुख्यमंत्री घोषणाओं और बजट घोषणाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में विभागीय अधिकारियों ने अब तक की योजनाओं, परियोजनाओं और घोषणाओं की रिपोर्ट प्रस्तुत की।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी घोषणाओं को प्राथमिकता के साथ तय समय सीमा में पूरा किया जाए, ताकि जनता से किए गए वादों को पारदर्शिता और दक्षता के साथ लागू किया जा सके। बैठक में बताया गया कि बजट की 15 घोषणाओं में से 6 को पूरा कर लिया गया है, जबकि शेष 9 घोषणाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री घोषणाओं में से 48 लंबित घोषणाओं को शीघ्र पूरा करने का निर्देश भी दिया गया।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि शिक्षा राज्य की प्रगति और विकास की नींव है। सरकार की जिम्मेदारी है कि अवसंरचना के विस्तार, सुविधाओं के सुधार और शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने वाली हर योजना का लाभ विद्यार्थियों तक समय पर पहुँचे। उन्होंने स्पष्ट किया कि नीति ‘गति, पारदर्शिता और जवाबदेही’ पर आधारित है और अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि जमीनी स्तर पर परिणाम दिखाई दें।
बैठक में मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव श्री राजेश खुल्लर, मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी, उच्चतर शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री विनित गर्ग और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।