Select Page

डीपीई सचिव के. मोसेस चालई ने उद्योग 4.0 अपनाने और डिजिटल बदलाव पर कार्यशाला का उद्घाटन किया

डीपीई सचिव के. मोसेस चालई ने उद्योग 4.0 अपनाने और डिजिटल बदलाव पर कार्यशाला का उद्घाटन किया

डीपीई सचिव के. मोसेस चालई ने नई दिल्ली में उद्योग 4.0 और डिजिटल बदलाव पर सीपीएसई के लिए कार्यशाला का उद्घाटन किया।

भारत सरकार के लोक उद्यम विभाग (डीपीई) के सचिव श्री के. मोसेस चालई ने नई दिल्ली में केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों (सीपीएसई) के लिए उद्योग 4.0 और उभरती डिजिटल तकनीकों को अपनाने पर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का उद्घाटन किया। इस कार्यशाला का उद्देश्य सीपीएसई में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी), डिजिटल ट्विन्स, 3डी प्रिंटिंग और 5जी-सक्षम स्मार्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर जैसी तकनीकों को एकीकृत कर डिजिटल क्रांति को बढ़ावा देना है।

डीपीई सचिव के. मोसेस चालई ने “संपूर्ण सीपीएसई” दृष्टिकोण की आवश्यकता पर बल दिया, जो चौथी औद्योगिक क्रांति (4आईआर) के तहत सभी सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों में आधुनिक तकनीकों को प्रभावी रूप से लागू करने में सहायक होगा। उन्होंने बताया कि उद्योग 4.0 को सीपीएसई के समझौता ज्ञापन मूल्यांकन ढाँचे में शामिल करने पर भी विचार चल रहा है, जिससे भारत की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता और बढ़ेगी।

कार्यशाला में ऊर्जा, बिजली, निर्माण, बुनियादी ढाँचा, दूरसंचार और सेवा क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने उद्योग 4.0 तकनीकों को अपनाने और विस्तार करने की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की। 5जी लैब और 3डी प्रिंटिंग उत्कृष्टता केंद्रों से अनुभव साझा करते हुए परिनियोजन विशेषज्ञ श्री ए. आनंद ने डिजिटल डिज़ाइनिंग, रिवर्स इंजीनियरिंग और 3डी प्रिंटिंग के अनुप्रयोगों पर प्रकाश डाला।

एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. प्रभजोत सिंह सुग्गा ने डिजिटल ट्विन प्लेटफार्मों के माध्यम से बुनियादी ढाँचे और आपदा प्रबंधन में सुधार की क्षमता पर चर्चा की, जबकि एआई विशेषज्ञ सुश्री विदुषी चतुर्वेदी ने मशीन लर्निंग और एआई के जरिए पूर्वानुमान विश्लेषण और संसाधन अनुकूलन के महत्व को रेखांकित किया।

कार्यशाला में पावरग्रिड, एचएससीसी और बीएसएनएल सहित कई सीपीएसई ने एआई-संचालित रखरखाव, डिजिटल सिमुलेशन और 3डी प्रिंटिंग आधारित आपूर्ति श्रृंखला की सफल परियोजनाएं साझा कीं। एनटीपीसी, एनएचपीसी, गेल, कॉनकॉर, आईआरसीटीसी जैसे प्रमुख सीपीएसई के वरिष्ठ अधिकारी भी इस कार्यशाला में शामिल होकर रणनीतिक रोडमैप और उद्योग 4.0 के क्षेत्र-विशेष अंगीकरण पर चर्चा की।

लोक उद्यम विभाग ने इस कार्यशाला के माध्यम से सीपीएसई के लिए उद्योग 4.0 को अपनाने और परिचालन उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए समर्थन जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई है। यह पहल अगस्त 2025 तक देशभर के विभिन्न सीपीएसई केंद्रों में कार्यशालाओं के आयोजन के साथ पूरी की जाएगी।

About The Author

Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *