मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लाडवा अनाज मंडी से धान की खरीद प्रक्रिया का किया शुभारंभ
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लाडवा अनाज मंडी में धान की खरीद प्रक्रिया 22 सितंबर से समय से पहले शुरू की, किसानों के हित में MSP पर फसल की पूरी खरीद और गेहूं के बीज पर सब्सिडी की घोषणा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए लाडवा अनाज मंडी में धान की खरीद प्रक्रिया का 22 सितंबर से समय से पहले शुभारंभ किया। इससे पहले यह प्रक्रिया 1 अक्टूबर से शुरू होनी थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर किसानों की धान की फसल का हर दाना खरीदेगी और किसानों को हर संभव सहूलियत प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लाडवा मंडी में खरीद कार्यों का जायजा लिया और किसानों व व्यापारियों से बातचीत करते हुए कहा कि किसानों की मांग पर खरीद कार्य को निर्धारित समय से पहले शुरू किया गया है ताकि किसानों को तुरंत लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी बताया कि हिसार कृषि मेले में किसानों द्वारा गेहूं के बीज पर सब्सिडी की मांग की गई थी, जिसे सरकार ने तुरंत मंजूरी देते हुए अधिसूचना जारी कर दी है।
धान खरीद के दौरान खाद्य आपूर्ति विभाग ने किसान अमित कुमार और चरण सिंह से लगभग 100 क्विंटल पीआर धान खरीदा। पिछले साल पीआर धान की कुल आवक 12 लाख क्विंटल रही थी, जबकि इस सत्र में मंडी में अब तक 5000 क्विंटल की आवक हो चुकी है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार किसानों के हित में हमेशा खड़ी है और किसी भी किसान के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पराली जलाने से रोकने के लिए सरकार 1200 रुपए की मदद भी दे रही है ताकि पर्यावरण संरक्षण और किसानों की आर्थिक सहायता हो सके।
इस मौके पर पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, नपा चेयरपर्सन साक्षी खुराना सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।