मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी: सभी जनप्रतिनिधि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, स्वच्छता और नशा मुक्ति के लिए मिशन मोड में कार्य करने का ले संकल्प
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी: सभी नव निर्वाचित प्रतिनिधि हरियाणा प्रदेश की समृद्धि के बने प्रहरी
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने शहरी स्थानीय निकायों के नव निर्वाचित जन प्रतिनिधियों से आह्वान करते हुए कहा कि वे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किये गए बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत जागरुकता बढ़ाने, स्वच्छता अभियान को गति देने सहित नशे के विरुद्ध चल रहे निर्णायक युद्ध में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ मिशन मोड में कार्य करने का संकल्प ले।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी आज पंचकूला में आयोजित शहरी स्थानीय निकायों के नवनिर्वाचित महापौरों, नगर परिषद व नगर पालिकाओं के अध्यक्षों और सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों को संबोधित कर रहे थे।
शहरी सरकार के सभी नवनिर्वाचित महापौरों, नगर परिषद व नगर पालिकाओं के अध्यक्षों और सदस्यों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में संपन्न निकाय चुनाव में यह सिद्ध हो गया है कि प्रदेश के लोग विकास, पारदर्शिता और सुशासन चाहते हैं। उन्होंने सभी प्रतिनिधियों से आग्रह करते हुए कहा कि वे शहरों को समृद्ध, स्वच्छ, सुरक्षित, नशा मुक्त और आत्मनिर्भर बनाने का कार्य करेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री ने आश्वासन देते हुए कहा कि प्रदेश की प्रगति के इस सफर में हरियाणा सरकार सदैव सहयोग के लिए तैयार रहेगी।
नगरों को प्रदेश व देश की शान बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बाहर से आने वाले लोग वहां के विकास को देखकर ही शहर की समृद्धि का आकलन करते हैं। इस दिशा में सभी नव निर्वाचित प्रतिनिधि हरियाणा प्रदेश की इस समृद्धि के प्रहरी बने हैं। उन्होंने कहा कि शहरों में सरकार के विकास कार्यों को अमली जामा पहनाने का दायित्व आप सभी के कंधों पर है। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि सभी नवनिर्वाचित मेयर, प्रधान और सदस्यों के नेतृत्व में हरियाणा के शहर प्रदेश को विकसित राज्य बनाने की दिशा में तेजी से कार्य करेंगे।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा की धरा से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का आह्वान किया था और इन निकाय चुनाव में हमारी बेटियां का तय टारगेट से ज्यादा चुनकर आना यह दर्शाता है कि हरियाणा सरकार ने इसे गंभीरता से आगे बढ़ाया है । उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्वच्छता के दिए गए मंत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि इस दिशा में भी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि कैसे अपने निगम, नगर पालिका और नगर परिषद को स्वच्छ करना है और लोगों की भावनाओं और अपेक्षाओं पर खरा उतरना है। सभी संकल्प ले कि उनकी नगरपालिका, नगर परिषद और नगर निगम स्वच्छता में नंबर वन बनें।
उन्होंने कहा कि नशे की जानकारी साँझा करने के लिए मानस पोर्टल बनाया गया है जिसकी निगरानी स्वयं केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह समय-समय पर करते हैं। उन्होंने सभी से आग्रह करते हुए कहा कि आपके वार्ड या क्षेत्र में अगर कहीं भी नशा बिकता है इसकी सूचना मानस पोर्टल पर अवश्य दें ताकि नशे के काले कारोबार में संलिप्त लोगों पर नकेल कस्ते हुए युवा पीढ़ी को इस बुराई से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाता है।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जिस प्रकार वे प्रदेश के 2 करोड़ 80 लाख लोगों का प्रतिनिधित्व करते हैं उसी प्रकार लोकतंत्र में जनता ने आपको अपने वार्ड का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुनकर भेजा है। इसलिए छोटी सरकार के सभी प्रतिनिधि विकास कार्यों को बिना भेदभाव के धरातल पर उतारने का काम करें।
ईमानदारी और पारदर्शिता को सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दिनों प्रदेश के विकास के लिए 2,0,5000 करोड़ से ज्यादा का बजट पेश किया गया है और उसका एक बड़ा हिस्सा सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सहयोग से हरियाणा के विकास पर खर्च होगा। इसलिए सभी यह सुनिश्चित करें कि बजट की एक-एक पाई जनता की भलाई और हरियाणा के विकास पर खर्च हो।
बजट में शहरी स्थानीय निकायों के लिए किए गए प्रावधानों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि नगर निकायों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार द्वारा बजट में प्रावधान किए हैं। साथ ही, शहरी स्थानीय निकायों में शक्तियों के विकेंद्रीकरण के लिए भी कई कदम प्रदेश सरकार द्वारा उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि छठे फाइनेंस कमीशन की सिफारिश के अनुरूप पालिकाओं को विकास कार्यों के लिए मिलने वाले बजट को दोगुना करते हुए 3,114 करोड़ रुपये किया गया है । आगामी वित्त वर्ष के लिए शहरी स्थानीय निकाय विभाग के बजट को बढ़ाकर 5666 करोड़ रुपए किया गया है ताकि विकास कार्यों को और गति दी जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर, विकसित और आधुनिक भारत के निर्माण में हरियाणा का स्थान और योगदान महत्वपूर्ण रहने वाला है। हरियाणा की जनता ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार डबल इंजन की सरकार बनाई है। निकाय चुनाव के बाद अब यह डबल इंजन ट्रिपल इंजन में परिवर्तित हो गया है। उन्होंने कहा कि हम सभी मिलकर प्रधानमंत्री के 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए तीन गुना गति से विकास करते हुए लोगों की अपेक्षाओं और आकांक्षाओं पर खरा उतरने का काम करेंगे।
इस अवसर पर इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी निकायों को स्टेट फाइनेंस कमिशन के तहत विकास कार्यों के लिए 587 करोड़ रुपए भी जारी किए। मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन माध्यम से शहरी स्थानीय निकाय विभाग की वेबसाइट और अन्य पोर्टल का भी शुभारंभ किया
पहले 100 दिनों में अपने संकल्पों को पूरा करने की दिशा में कार्य करे नवनिर्वाचित प्रतिनिधि – विपुल गोयल
इस अवसर पर शहरी स्थानीय निकाय मंत्री श्री विपुल गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनी है और निकाय चुनाव में भारी बहुमत से बीजेपी ने जीत दर्ज की है। उन्होंने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों से कहा कि आज के शपथ ग्रहण के बाद नई-नई जिम्मेदारियां आपका इंतजार कर रही हैं। आपको लोगों की अपेक्षाओं और आकांक्षाओं पर खरा उतरना है। जिस प्रकार प्रकार मुख्यमंत्री ने पहले 100 दिन में अपने संकल्पों पर कार्य करते हुए बहुत से वादों को पूरा किया है, उसी प्रकार छोटी सरकार द्वारा भी पहले 100 दिनों में अपने संकल्पों को पूरा करने की दिशा में कार्य किया जाये। इसकी शुरुआत आज से ही की जाए ताकि जनता की भलाई के लिए किए वादों को जल्द से जल्द पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का काम और जनता की छोटी-मोटी समस्याओं के समाधान का जिम्मेवारी सभी जान प्रतिनिधियों की है। उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि सभी नवनिर्वाचित प्रतिनिधि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चल रही नॉनस्टॉप सरकार को और गति देने का काम करेंगे। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का द्वारा स्वच्छता के मिशन को आगे बढ़ाते हुए इसे गति देने का दायित्व आपके कंधों पर है। इस कार्य को मिशन मोड पर करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार स्वच्छता में आज इंदौर का उदाहरण दिया जाता है कल हरियाणा का नाम स्वच्छता में नंबर एक पर आए। साथ ही ऐसा निकाय बनाये जो आत्मनिर्भर हो।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री मोहनलाल कौशिक, परिवहन मंत्री श्री अनिल विज, शिक्षा मंत्री श्री महिपाल ढांडा, विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार, सेवा मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर गंगवा, खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री श्री राजेश नागर, खेल मंत्री श्री गौरव गौतम, कालका की विधायिका श्रीमती शक्ति रानी शर्मा, पूर्व विधायक श्री ज्ञानचंद गुप्ता, मेयर श्री कुलभूषण गोयल, पूर्व मंत्री श्री सुभाष सुधा सहित अन्य गणमान्य भी उपस्थित रहे।