Select Page

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का कांग्रेस पर निशाना, कांग्रेस ने दी परिवार को प्राथमिकता, जनता को किया नजरअंदाज

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का कांग्रेस पर निशाना, कांग्रेस ने दी परिवार को प्राथमिकता, जनता को किया नजरअंदाज

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीबों-श्रमिकों को दिया सम्मान, गरीबों और श्रमिकों की ताकत से ही बनेगा विकसित भारत

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस देश की असली ताकत हमारे गरीब, श्रमिक और वंचित वर्ग के लोग हैं। यही लोग अपने पसीने और मेहनत से भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में सबसे बड़ा योगदान दे रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने बीते 11 वर्षों में इन मेहनतकश वर्गों को जो सम्मान और अधिकार दिए हैं, वह कांग्रेस कभी नहीं दे पाई। कांग्रेस ने हमेशा अपने परिवार के हितों को प्राथमिकता दी और आम जनता, समाज और देश की चिंता नहीं की। कांग्रेस ने दशकों तक सत्ता में रहते हुए आम जनता की अपेक्षाओं की अनदेखी की और अब जनता ने उन्हें शून्य पर लाकर खड़ा कर दिया है।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी आज यहां संत कबीर कुटीर पर प्रदेशभर से आए डीएससी समाज के प्रतिनिधिमंडल को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर डीएससी समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री को पगड़ी पहनाकर उनका सम्मान किया और डीएससी समाज के आरक्षण में वर्गीकरण को लागू करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री को 11 जून को सिरसा में मनाई जाने वाली संत कबीर जयंती के लिए भी निमंत्रण भी दिया।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने समाज के लोगों को योद्धा बताते हुए कहा कि समाज ने जो यह सम्मान की पगड़ी मेरे सिर पर रखी है, यह सम्मान समाज का है और मैं इस सम्मान को कभी कम नहीं होने दूंगा। उन्होंने कहा कि आज डीएससी को उसका अधिकार और सम्मान मिल रहा है। हाल ही में जो लगभग 3,500 भर्तियों की घोषणा हुई है, उसमें 605 पद डीएससी समाज के लिए और 604 पद अन्य अनुसूचित जातियों के लिए हैं। यह सामाजिक न्याय की दिशा में एक सशक्त कदम है। उन्होंने कहा कि डीएससी समाज ने काफी संघर्ष किया और आज उस संघर्ष के सुखद परिणाम सामने आए हैं। इससे हमारी आने वाली पीढ़ियां सशक्त और मजबूत होंगी।

कांग्रेस ने डॉ. भीम राव अंबेडकर को नहीं दिया सम्मान

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भारत का संविधान, जिसे बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने राष्ट्र को प्रदान किया, आज हमारे लोकतंत्र की मूल आत्मा है। इस पवित्र संविधान के कारण ही देश को एक लोकतांत्रिक व्यवस्था मिली, जिसमें राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, संसद और न्यायपालिका मजबूती से कार्य कर रहे हैं। संसद के भीतर अध्यक्ष भी इसी संविधान की देन है, लेकिन दुर्भाग्यवश, कांग्रेस पार्टी ने डॉ. अंबेडकर को कभी सम्मान नहीं दिया और आज भी कांग्रेस पार्टी जब राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, संसद या न्यायपालिका पर टिप्पणियां करती है तो यह सिर्फ इनका नहीं, बल्कि स्वयं डॉ. भीमराव अंबेडकर और उनके बनाए संविधान का अपमान है।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि चुनावों के दौरान राहुल गांधी पवित्र संविधान की प्रति को हाथ में उठाकर घूमते नजर आए। उन्हें कोई बताए कि यह संविधान कोई प्रदर्शन की वस्तु नहीं है, बल्कि यह हमारे लोकतंत्र का मूल स्तंभ है, यह पूजा के योग्य है। संविधान को हाथ में उठाकर लोगों को डराना या गुमराह करना गलत है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक मंच पर बनी नई पहचान

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि चुनावों के दौरान कांग्रेस ने लोगों को गुमराह किया कि यदि श्री नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बन गए तो संविधान खत्म हो जाएगा। जबकि सच्चाई तो यह है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संविधान और अधिक सशक्त हुआ है। आज कोई भी इस संविधान की ओर उंगली उठाने की हिम्मत नहीं कर सकता। असल में, जो खत्म हो रही है वह कांग्रेस पार्टी है, क्योंकि कांग्रेस की नीतियां विफल रहीं हैं। जिन गरीबों के नाम पर उसने राजनीति की, उन्हें और अधिक गरीब कर दिया। कांग्रेस के कालखंड में अमीरी और गरीबी की खाई बढ़ी, लेकिन बीते 11 वर्षों में श्री नरेंद्र मोदी ने इस खाई को पाटने का कार्य किया है। गरीब के जीवन को सम्मान देने का कार्य लगातार किया जा रहा है, यही संविधान की सच्ची रक्षा है। प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर आत्मनिर्भर और सशक्त देश के रूप में एक नई पहचान बनाई है। आज भारत तेज़ी से बदल रहा है और देश के 140 करोड़ नागरिक इस परिवर्तन को अपनी आंखों से देख रहे हैं और महसूस भी कर रहे हैं। यही प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उभरता हुआ विकसित भारत है।

डीएससी समाज को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिया उनका हक: मंत्री कृष्ण बेदी

सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण और अंत्योदय (सेवा) मंत्री श्री कृष्ण बेदी ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की सराहना करते हुए कहा कि डीएससी समाज की 60-70 वर्षों की पीड़ा और तड़प को समाप्त कर मुख्यमंत्री ने उन्हें जो अधिकार दिया है, वो ऐतिहासिक और युग परिवर्तनकारी है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक नीति या निर्णय नहीं था, बल्कि ये शोषितों और वंचितों के सम्मान की रक्षा के लिए उठाया गया साहसिक कदम था। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का निर्णय लागू केवल हरियाणा में हुआ, यह मुख्यमंत्री के दृढ़ संकल्प और समाज के प्रति उनकी संवेदनशीलता का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सदैव आम जनता के लिए उपलब्ध रहते हैं और उनकी समस्याओं का तुरंत निपटान करते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हरियाणा में तीसरी बार भाजपा सरकार को जो जनादेश मिला है, वह उनके प्रति जनता के विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सपने को साकार करने की दिशा में हमारी सरकार लगातार कार्य कर रही है।

इस मौके पर विधायक श्री कपूर सिंह वाल्मीकि, रोहतक के मेयर श्री रामअवतार वाल्मीकि, अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन श्री रविंद्र बलियाला, पूर्व सांसद श्रीमती सुनीता दुग्गल, स्वामी स्वदेश कबीर, पूर्व मंत्री बिशम्बर वाल्मीकि, पूर्व मंत्री श्री अनूप धानक, पूर्व मंत्री जगदीश नय्यर, मुख्यमंत्री के ओएसडी श्री भारत भूषण भारती, मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव श्री प्रवीण आत्रेय सहित डीएससी समाज के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *