विधानसभा अध्यक्ष श्री हरविंदर कल्याण: हरियाणा विधानसभा के सदस्यों के लिए आज से शुरू होगा दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम
विधानसभा अध्यक्ष श्री हरविंदर कल्याण : लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे कार्यक्रम का उद्घाटन
- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल सहित विभिन्न राज्यों के विधानसभा अध्यक्ष भी करेंगे शिकरत
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष श्री हरविंदर कल्याण के अथक प्रयास से हरियाणा विधानसभा द्वारा विधानसभा के सदस्यों के लिए आयोजित दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम की आज (14 फरवरी, 2025) से शुरुआत होगी। कार्यक्रम का उद्घान लोकसभा के अध्यक्ष श्री ओम बिरला द्वारा किया जाएगा। राज्यसभा के उपसभापति श्री हरिवंश 15 फरवरी, 2025 को इस कार्यक्रम का समापन करेंगे।
लोकसभा के संसदीय लोकतंत्र शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान (प्राइड) के सहयोग से हरियाणा विधानसभा द्वारा 14 और 15 फरवरी, 2025 को आयोजित इस दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम में हरियाणा के सभी कैबिनेट मंत्री, राज्य मंत्री व सांसद भी उपस्थित रहेंगे। इनके अलावा, कई अन्य गणमान्य व्यक्ति कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।
कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय आवासन एवं शहरी मामले तथा विद्युत मंत्री श्री मनोहर लाल, पूर्व मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा, पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष सरदार कुलतार सिंह संधवां, हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा, उत्तर प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष श्री सतीश महाना, हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष श्री कुलदीप सिंह पठानिया तथा गुजरात विधानसभा के अध्यक्ष श्री शंकरभाई चौधरी विशेष रूप से शिरकत करेंगे।