अनिल विज का बड़ा एक्शन: अंबाला से शाहबाद तक वेयरहाउस और जीटी रोड कटों की जांच के आदेश, बनेगी रिपोर्ट
हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने अंबाला से शाहबाद तक जीटी रोड पर बने वेयरहाउस और कटों की जांच के आदेश दिए। रिंग रोड पर Cloverleaf मॉडल से ट्रैफिक सुरक्षा बढ़ेगी।
हरियाणा सरकार के ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज ने अंबाला छावनी से लेकर शाहबाद तक नेशनल हाईवे 44 (जीटी रोड) के किनारे बने और निर्माणाधीन वेयरहाउसों की जांच के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने गोदाम/वेयरहाउस मापदंडों और हाईवे कट अनुमति की जांच के लिए चार सदस्यीय समिति गठित करने और एक महीने में रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।
वेयरहाउसों के CLU और निर्माण मापदंडों की होगी जांच
कैबिनेट मंत्री विज ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यह जांच सुनिश्चित करे कि वेयरहाउस निर्माण सरकारी गाइडलाइंस और मापदंडों के अनुरूप हुआ है या नहीं। साथ ही, क्या इन वेयरहाउसों के लिए CLU (Change of Land Use) की वैध अनुमति ली गई है, इसकी भी पड़ताल की जाएगी।
हाईवे से जुड़े कटों की वैधता पर भी सख्ती
मंत्री विज ने यह भी जांचने को कहा है कि GT रोड (NH-44) से वेयरहाउसों तक जाने के लिए बनाए गए कटों के लिए क्या नेशनल हाईवे अथॉरिटी (NHAI) से पूर्व अनुमति ली गई थी। उन्होंने कहा कि बगैर अनुमोदन कट यातायात सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं।
गठित की गई 4 सदस्यीय जांच कमेटी
इस जांच के लिए बनाई गई समिति में निम्न अधिकारी शामिल होंगे:
-
परियोजना निदेशक, NHAI
-
जिला नगर योजनाकार
-
एसडीएम, अंबाला छावनी
-
ईओ, नगर परिषद
कमेटी को 30 दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।
रिंग रोड पर बनेगी Cloverleaf क्रॉसिंग मॉडल – दुर्घटनाओं और ट्रैफिक जाम से मिलेगा निजात
कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने अंबाला में बन रही लगभग 40 किलोमीटर लंबी रिंग रोड पर हर क्रॉसिंग के लिए Cloverleaf मॉडल तैयार करने का प्रस्ताव भी रखा है। उन्होंने कहा कि इस रिंग रोड को पार करने वाली मुख्य सड़कों पर जाम और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, जिसे इस आधुनिक डिजाइन से रोका जा सकेगा।
एक सप्ताह में मांगी रिपोर्ट, बनी 3 सदस्यीय टीम
इस प्रस्ताव के लिए विज ने एक तीन सदस्यीय कमेटी गठित करने के आदेश दिए हैं, जिसमें होंगे:
-
NHAI परियोजना निदेशक
-
जिला नगर योजनाकार
-
एसडीएम, अंबाला छावनी
कमेटी को सभी क्रॉसिंग का भौतिक निरीक्षण कर एक सप्ताह में रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जल्द निर्माण कार्य की योजना बनाई जा सके।