ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कल्याणपुर-बद्लापारा कोल ब्लॉक की समाप्ति की खबरों को बताया भ्रामक
हरियाणा ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कल्याणपुर-बद्लापारा कोल ब्लॉक की समाप्ति की खबरों को भ्रामक बताया, बताया आवंटन सुरक्षित और विकास जारी है।
हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने स्पष्ट किया है कि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में झारखंड स्थित कल्याणपुर-बद्लापारा कोल ब्लॉक की समाप्ति की जानकारी गलत और भ्रामक है। उन्होंने कहा कि कोल ब्लॉक का आवंटन अभी भी सुरक्षित है और इसे समाप्त नहीं किया गया है।
ऊर्जा मंत्री ने बताया कि कोयला मंत्रालय ने हरियाणा पावर जनरेशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPGCL) को शो-कॉज नोटिस जारी किया था, जिसमें कोल ब्लॉक से जुड़ी कुछ प्रक्रियात्मक बातों पर स्पष्टीकरण मांगा गया था। HPGCL ने समयसीमा के भीतर अपना विस्तृत जवाब प्रस्तुत कर दिया है और कोल ब्लॉक के आवंटन को निरस्त न करने का अनुरोध भी किया है।
कोल ब्लॉक विकास कार्य योजनानुसार जारी
अनिल विज ने कहा कि HPGCL ने कोल ब्लॉक के विकास के लिए पहले ही माइन डेवलपर एंड ऑपरेटर (MDO) नियुक्त कर दिया है। भूमि सर्वेक्षण और सीमा निर्धारण का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि ड्रिलिंग का कार्य वर्तमान में प्रगति पर है।
उन्होंने बताया कि परियोजना कार्यक्रम के अनुसार, इस कोल ब्लॉक से 2030 तक यमुनानगर थर्मल पावर प्लांट को कोयले की आपूर्ति शुरू होने की संभावना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शो-कॉज नोटिस केवल स्पष्टीकरण के लिए होता है और इसका अर्थ आवंटन रद्द करना नहीं है।
मीडिया और जनता से अपील
ऊर्जा मंत्री ने मीडिया से अनुरोध किया कि वे ऐसी खबरें प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की पुष्टि करें। साथ ही उन्होंने जनता से भी कहा कि वे अधूरी या अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें और अफवाहों से भ्रमित न हों।