ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने आजादी की पहली लड़ाई के शहीद स्मारक का निरीक्षण किया, निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के दिए निर्देश
हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने रविवार को अंबाला छावनी में बन रहे सन् 1857 की आजादी की पहली लड़ाई को समर्पित शहीद स्मारक का औचक निरीक्षण किया। मंत्री अनिल विज ने स्मारक के निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों व निर्माण एजेंसी को इसे जल्द पूरा करने के कड़े निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि स्मारक में कलाकारों द्वारा तैयार की गई कलाकारी 1857 के इतिहास को जीवंत करती है। स्मारक की विभिन्न गैलरियों में उस दौर के सैनिकों और आजादी की लड़ाई लड़ने वाले भारतीयों की वेशभूषा, बंदूकें और अन्य ऐतिहासिक वस्तुएं प्रदर्शित की जा रही हैं। उन्होंने गैलरियों की सफाई के लिए मशीनों के उपयोग पर भी जोर दिया।
अनिल विज ने स्मारक में लगे पुतलों की प्रशंसा करते हुए कारीगरों से बातचीत कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने दर्शकों के लिए टिकट व्यवस्था को सरल बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि केवल एक टिकट प्रणाली लागू की जाए। इसके अलावा, उन्होंने टिकट काउंटर के स्थान निर्धारण पर भी अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की।
निरीक्षण के बाद मंत्री ने अधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें ड्रोन वीडियो प्रेजेंटेशन भी देखा गया। बैठक में स्मारक में बनने वाली 23 गैलरियों के शीघ्र पूरा होने, ऑडियो-वीडियो प्रेजेंटेशन, ओपन एयर थिएटर में प्रोजेक्टर शो और स्मारक को आत्मनिर्भर बनाने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज की यह पहल सन् 1857 की क्रांति के इतिहास को संरक्षित करते हुए आने वाली पीढ़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण स्मारक के रूप में तैयार करने में मददगार साबित होगी।