केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गांधी जयंती पर खादी इंडिया शोरूम का किया दौरा, खादी और स्वदेशी के महत्व पर दिया जोर
गांधी जयंती के पावन अवसर पर केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने नई दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित खादी इंडिया शोरूम का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने खादी उत्पाद खरीदे और ऑनलाइन भुगतान किया। श्री शाह ने महात्मा गांधी द्वारा देश को दी गई खादी और स्वदेशी की विचारधारा को याद करते हुए देशवासियों से इनकी उपयोगिता बढ़ाने की अपील की।
श्री अमित शाह ने कहा कि महात्मा गांधी ने भारत की आत्मा को पहचानते हुए आज़ादी के आंदोलन को खादी और स्वदेशी जैसे दो महत्वपूर्ण विचारों से सशक्त किया। ये विचार न केवल आज़ादी के संघर्ष की नींव बने, बल्कि देश के गरीबों के जीवन में उजाला लाने का माध्यम भी बने। उन्होंने बताया कि पहले खादी और स्वदेशी के विचार भुला दिए गए थे, लेकिन 2003 में जब श्री नरेन्द्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब उन्होंने खादी को पुनर्जीवित करने के लिए बड़ा अभियान चलाया।
उन्होंने आगे कहा कि पिछले 11 वर्षों में खादी और ग्रामोद्योग के उत्पादों की बिक्री ₹33,000 करोड़ से बढ़कर ₹1,70,000 करोड़ से अधिक हो गई है, जो इस आंदोलन की बड़ी सफलता है। श्री शाह ने देशवासियों से आग्रह किया कि हर परिवार प्रतिवर्ष कम से कम ₹5,000 के खादी उत्पाद खरीदें, जिससे लाखों लोगों को रोजगार मिलेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
गृह मंत्री ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वदेशी को बढ़ावा देने के लिए ‘मन की बात’ कार्यक्रम के जरिए देशवासियों को प्रेरित किया है, जिससे विदेशी उत्पादों के स्थान पर देशी वस्तुओं को प्राथमिकता मिली है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी का व्रत अपनाकर भारत को 2047 तक विश्व में शीर्ष स्थान पर लाने के लक्ष्य को भी साकार किया जा सकता है।
श्री अमित शाह ने जनता से अपील की कि खादी और स्वदेशी के इस अभियान को अपनाएं और इसे अपनी आने वाली पीढ़ियों को भी सौंपें, ताकि देश का आर्थिक और सामाजिक विकास तेजी से हो।