Harpal Singh Cheema: पंजाब जीएसटी विभाग ने 163 करोड़ रुपये के फर्जी लेनदेन से जुड़े बड़े पैमाने पर फर्जी बिलिंग घोटाले का पर्दाफाश किया
Harpal Singh Cheema: पंजाब जीएसटी विभाग ने लुधियाना में एक बड़े पैमाने पर फर्जी बिलिंग घोटाले का पर्दाफाश किया है, जिसमें पिछले दो वर्षों में 163 करोड़ रुपये के धोखाधड़ी वाले लेनदेन शामिल हैं।
इस संबंधी जानकारी देते हुए पंजाब के वित्त, योजना, आबकारी एवं कराधान मंत्री एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि जांच से पता चला है कि मेसर्स मोंगा ब्रदर्स (यूनिट-2), बुड्डेवाल रोड, लुधियाना फर्जी इन्पुट्स टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) बनाकर सरकारी खजाने को चूना लगा रहा है। उन्होंने कहा कि फर्म ने 60 फर्जी फर्मों से खरीदारी की थी, जिन्हें या तो निलंबित कर दिया गया था, रद्द कर दिया गया था, या निलंबित या रद्द डीलरों से खरीद की गई थी।
मंत्री ने कहा कि इन 60 फर्मों का कुल कारोबार लगभग 1270 करोड़ रुपये है। उन्होंने कहा कि पंजाब जीएसटी विभाग ने पंजाब जीएसटी अधिनियम, 2017 की धारा 67 के तहत मेसर्स मोंगा ब्रदर्स (यूनिट-2) के व्यावसायिक परिसरों में निरीक्षण, तलाशी और जब्ती की।
मंत्री ने कहा, “जांच के आधार पर, पंजाब के कराधान आयुक्त ने पंजाब जीएसटी अधिनियम, 2017 की धारा 69 और 132 के तहत मैसर्स मोंगा ब्रदर्स (यूनिट -2) के भागीदारों की गिरफ्तारी का आदेश दिया।
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कर चोरी करने वालों को कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए कारोबारी समुदाय से विभाग के साथ सहयोग करने और बकाया कर भुगतान करने की अपील की।
उन्होंने कर चोरी को रोकने और निष्पक्ष और पारदर्शी कर प्रणाली को बढ़ावा देने के लिए पंजाब सरकार की वचनबद्धता को दोहराया।