हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने श्री मुक्तसर साहिब में माघी मेले के दौरान की बड़ी बातें
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने श्री मुक्तसर साहिब के माघी मेले में पंजाब सरकार पर कटाक्ष करते हुए हरियाणा की उपलब्धियां गिनाईं।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब और हरियाणा केवल पड़ोसी राज्य नहीं हैं, बल्कि दोनों राज्यों का रिश्ता खून और भाईचारे से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के लोग पंजाब को अपना छोटा भाई मानते हैं और दोनों राज्यों के बीच गहरा प्रेम और सम्मान है।
मुख्यमंत्री सैनी ने यह बात श्री मुक्तसर साहिब में आयोजित ‘माघी मेला’ में कही, जहां उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। उन्होंने श्री मुक्तसर साहिब की पवित्र भूमि को नमन करते हुए कहा कि यह स्थल इतिहास के स्वर्णिम पन्नों में अमर है। उन्होंने कहा कि यहां चालीस मुक्तों ने श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के चरणों में अपने प्राण अर्पित किए, जो हमें सिखाता है कि सत्य और न्याय के लिए संघर्ष ही सच्ची मुक्ति है।
पंजाब सरकार पर मुख्यमंत्री सैनी का निशाना
मुख्यमंत्री ने पंजाब में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा का उल्लेख करते हुए कहा कि संकट के समय पंजाब के मुख्यमंत्री जनता की पीड़ा को समझने में विफल रहे। उन्होंने कहा कि जब पंजाब मुश्किल में था, तब हरियाणा ने हर संभव मदद की, लेकिन पंजाब के मुख्यमंत्री उस समय नजर नहीं आए।
सैनी ने आरोप लगाया कि पंजाब की वर्तमान सरकार ने जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं किया और केवल कागजों में ही सीमित रह गए। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने अपने चुनावी वादों पर अमल नहीं किया और आपदा के समय भी अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास किया।
हरियाणा सरकार की उपलब्धियों का बखान
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में सरकार ने 217 वादों वाला संकल्प पत्र जारी किया था। इनमें से 54 वादे एक वर्ष के भीतर पूरे किए जा चुके हैं, जबकि बाकी 163 पर तेजी से काम चल रहा है।
उन्होंने बताया कि सरकार ने 24 फसलों की MSP पर खरीद का वादा पूरा कर दिया है और हरियाणा देश का पहला राज्य बन गया है जहाँ सभी फसलों की MSP पर खरीद की जा रही है। किसानों को भुगतान 48 घंटे के भीतर किया जाता है और देरी होने पर ब्याज भी मिलता है।
पराली प्रबंधन और किसानों के लिए राहत
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार थी, तब हरियाणा और पंजाब के किसानों पर पराली जलाने का आरोप लगाया जाता था। लेकिन अब पंजाब में चार साल से AAP की सरकार होने के बावजूद पराली समस्या का कोई ठोस समाधान नहीं निकला।
इसके विपरीत हरियाणा सरकार किसानों को कृषि यंत्रों पर सब्सिडी और 1200 रुपये प्रति एकड़ प्रोत्साहन राशि देकर पराली प्रबंधन में सहायता कर रही है।
गरीबों और महिलाओं के लिए सरकारी योजनाएं
सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार मकान मरम्मत के लिए 80,000 रुपये की सहायता दे रही है। साथ ही लाडो लक्ष्मी योजना के तहत बहन-बेटियों को 2100 रुपये मासिक सहायता दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार रसोई गैस सिलेंडर 500 रुपये में उपलब्ध करवा रही है और आयुष्मान भारत के तहत चिरायु स्कीम के जरिए स्वास्थ्य सेवाओं में लोगों को लाभ मिल रहा है।
किसानों को बीमा और मुआवजा राशि
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने किसानों के हितों को प्राथमिकता दी है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत और फसल खराबी के मुआवजे के रूप में 116 करोड़ रुपये किसानों के खातों में डाले जा चुके हैं। इसके अलावा, हाल में भारी बारिश के कारण हुए नुकसान के लिए 5 करोड़ रुपये मुआवजे के रूप में दिए गए। पिछले 11 वर्षों में किसानों को लगभग 15,500 करोड़ रुपये की मदद प्रदान की जा चुकी है।
डबल इंजन सरकार से विकास की गति बढ़ी
नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार ने यह सिद्ध किया है कि डबल इंजन सरकार से विकास की गति कई गुना तेज हो जाती है।
कार्यक्रम में शामिल रहे कई बड़े नेता
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पंजाब भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुनील जाखड़ सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने भी संबोधित किया। इस मौके पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद भी उपस्थित रहे।