केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान 13 जनवरी को गुजरात दौरे पर, आत्मनिर्भर हणोल महोत्सव-2026 में होंगे शामिल
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान 13 जनवरी को गुजरात के हणोल गांव में आत्मनिर्भर हणोल महोत्सव-2026 में शामिल होकर मॉडल ग्राम के अनुभव साझा करेंगे।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान 13 जनवरी, मंगलवार को गुजरात के भावनगर जिले के पालीताणा तालुका स्थित हणोल गांव का दौरा करेंगे। इस अवसर पर वे आत्मनिर्भर हणोल महोत्सव-2026 में भाग लेंगे और गांव के विकास मॉडल का राष्ट्रीय स्तर पर प्रचार करेंगे।
हणोल गांव, केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुखभाई मांडविया के सतत प्रयासों से विकसित हुआ है और यह गांधी जी के ग्राम स्वराज और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के आदर्श ग्राम के सिद्धांतों का जीवंत उदाहरण बनकर उभरा है। डॉ. मांडविया का इस गांव से व्यक्तिगत जुड़ाव है, क्योंकि यह उनका जन्मस्थल है। उन्होंने ग्राम के बुनियादी ढांचे, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और ग्राम उद्योग के क्षेत्र में कई नवाचार और विकास परियोजनाएं लागू की हैं, जिससे हणोल एक मॉडल विलेज के रूप में स्थापित हुआ है।
श्री चौहान इस दौरे के दौरान किसानों, महिला स्व-सहायता समूहों, युवाओं और स्थानीय प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे। वे हणोल के सफल प्रयोगों और अनुभवों को राष्ट्रीय मंच पर साझा करने की रूपरेखा तैयार करेंगे। इस कार्यक्रम में ग्रामीण विकास, कृषि नवाचार, आत्मनिर्भर ग्राम अर्थव्यवस्था और सामाजिक सशक्तिकरण पर सत्र एवं गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, श्री शिवराज सिंह चौहान दिल्ली से अहमदाबाद के लिए रवाना होंगे और वहां से हेलीकॉप्टर के माध्यम से हणोल गांव पहुंचेंगे। दोपहर से शाम तक वे महोत्सव में शामिल होकर विभिन्न प्रदर्शनी, कार्यक्रम और स्थानीय समुदाय के साथ संवाद में भाग लेंगे।
यह दौरा हणोल मॉडल को आत्मनिर्भर और आदर्श गांवों के रूप में देशभर में प्रचारित करने की संयुक्त प्रतिबद्धता को मजबूत करेगा और ग्रामीण भारत के सतत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।