केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने संसद में कृषि नीतियों पर की महत्वपूर्ण चर्चा।
केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज राज्य सभा में प्रश्नकाल के दौरान सरकार की कृषि नीतियों और किसानों के कल्याण को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किए गए महत्वपूर्ण कदमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार का एकमात्र उद्देश्य और फॉर्मूला किसानों का कल्याण करना है और इस दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
श्री चौहान ने कहा कि 2019 में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार ने यह तय किया कि एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) को उत्पादन की लागत पर 50% मुनाफा जोड़कर तय किया जाएगा, ताकि किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिल सके। उन्होंने यह भी बताया कि अब सरकार तुअर, मसूर और उड़द की 100% खरीद करेगी, जबकि पिछली सरकार के दौरान इस दिशा में ढिलाई पाई जाती थी।
कृषि मंत्री ने बताया सरकार के प्रमुख कदम
शिवराज सिंह चौहान ने सांसदों को बताया कि 2014 से पहले दलहन और तिलहन की खरीद बहुत कम होती थी, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार ने 81.86 मिलियन मीट्रिक टन फसलें खरीदी हैं, जबकि 2014 से पहले सिर्फ 46.89 मिलियन मीट्रिक टन खरीदी गई थीं। उन्होंने कहा कि सरकार अब 100% दलहन, तिलहन और अन्य फसलों की खरीद करेगी और राज्यों में यदि खरीद में कमी आती है, तो राष्ट्रीय एजेंसियां जैसे NAFED सीधे किसानों से खरीदारी करेंगी, ताकि किसानों को उचित दाम मिल सके।
कृषि और किसानों के कल्याण की प्राथमिकता
केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि कृषि भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और किसान उसकी जान हैं। “किसानों की भलाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सरकार का सर्वोच्च संकल्प है,” उन्होंने कहा। इसके अलावा, उन्होंने बताया कि 2013-14 में जिन फसलों पर एमएसपी दी जाती थी, अब उनका मूल्य दोगुना कर दिया गया है, ताकि किसानों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि जब किसानों को उचित मूल्य नहीं मिलता था, तो सरकार ने उनकी समस्याओं को हल करने के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। इनमें पीएम आशा योजना और बढ़ी हुई एमएसपी शामिल हैं।
किसानों के लिए सरकार की योजनाएं
शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि सरकार ने किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए कई कल्याणकारी योजनाएं बनाई हैं। इनमें आयुष्मान भारत योजना, जिसमें किसानों को 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा मिलती है, और मुख्यमंत्री कृषि योजना जैसी योजनाएं शामिल हैं।
उन्होंने कहा, “हमने 2014 से पहले जितनी खरीद की थी, उससे कहीं ज्यादा अब फसलों की खरीद हो रही है। सरकार ने एमएसपी पर खरीदी बढ़ा दी है, जिससे किसानों को अपने उत्पाद का पूरा मूल्य मिल रहा है।”
कृषि मंत्री की भविष्यवाणी और सरकार का संकल्प
शिवराज सिंह ने अंत में कहा, “किसानों का कल्याण हमारा एकमात्र फॉर्मूला है, और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम इस संकल्प को पूरी तरह से पूरा करेंगे।”