मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी: पंचकूला को विकसित किया जाएगा आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित मॉडल शहर के रूप में
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित मॉडल शहर बनाने के लिए पीएमडीए अधिकारियों के साथ बैठक की। सड़क, पार्क और स्वच्छता पर विशेष ध्यान।
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंचकूला शहर को आधुनिक शहरी सुविधाओं से सुसज्जित मॉडल शहर के रूप में विकसित करना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए पंचकूला महानगर विकास प्राधिकरण (पीएमडीए) द्वारा शहर के बुनियादी ढांचे, सड़क नेटवर्क, पार्कों और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने पीएमडीए की बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर की सभी सड़कें गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और सुगम हों। क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत को प्राथमिकता दी जाए। इसके साथ ही शहर के पार्क, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों के सौंदर्यीकरण पर जोर दिया गया। यदि कहीं आवारा पशुओं की समस्या हो, तो उसका तत्काल समाधान किया जाए।
also read: हरियाणा के किसानों के खातों में जारी हुई पीएम-किसान निधि…
उन्होंने शहर में पानी की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कौशल्या डैम से जल आपूर्ति पर भी ध्यान देने को कहा। शहर के ग्रीन बेल्ट और पार्कों में आकर्षक फूलों का रोपण और नियमित पौधारोपण व पेड़ों की छंटाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में पीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के. मकरंद पांडुरंग ने जानकारी दी कि सेक्टर 32 में वर्ल्ड क्लास शूटिंग रेंज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण के लिए 173.48 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। इसके अलावा, 58 सड़कें, 11 पार्क, 3 वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और 3 सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट हेंडओवर किए जा चुके हैं। 34.94 करोड़ रुपये की लागत के 39 कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 45.14 करोड़ रुपये की लागत के 59 कार्य प्रगति पर हैं। बैठक में एमडीसी सेक्टर-1 में प्रस्तावित अटल पार्क पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव ए.के. सिंह, पंचकूला के उपायुक्त सतपाल शर्मा, पीएमडीए के अतिरिक्त सीईओ विनय कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।