मंत्री कृष्ण लाल पंवार: जाखौली गांव में बनेंगी ई-लाइब्रेरी, महिला सांस्कृतिक केंद्र और इंडोर जिम
हरियाणा के पंचायत एवं विकास मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि जाखौली गांव में आने वाले समय में ई-लाइब्रेरी, महिला सांस्कृतिक केंद्र और इंडोर जिम का निर्माण किया जाएगा। यह कदम गांववासियों की शिक्षा, सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उठाए जा रहे हैं। मंत्री ने ग्राम पंचायत से जमीन और भवन उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि कार्यों की शुरुआत जल्दी हो सके।
श्री पंवार ने आज जाखौली गांव में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि प्रदेश की 6225 ग्राम पंचायतों को सरकार की प्राथमिकता में रखा गया है और प्रत्येक पंचायत में बुनियादी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। साथ ही, उन्होंने गांव में पानी निकासी की समस्या के समाधान का आश्वासन दिया और इसके लिए पंचायत विभाग से विस्तृत योजना बनाने की अपील की।
मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य में निरंतर विकास हो रहा है और ग्रामीण क्षेत्र भी इस बदलाव से अछूते नहीं हैं। किसानों के लाभ के लिए 24 फसलों पर एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) तय किया गया है। इसके अलावा, पंचायत विभाग द्वारा तीन और चार करम की सड़कों को पक्का किया जा रहा है ताकि किसानों को अपने अनाज को मंडी तक आसानी से पहुंचाने में कोई दिक्कत न हो।
इसके अलावा, मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने बताया कि प्रदेश सरकार की जगमग योजना के तहत गांवों में 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जा रही है, और पांच किलोमीटर तक परिधि में बसे डेरों में भी बिजली आपूर्ति की जा रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, संस्कृति और स्वास्थ्य के क्षेत्र में विशेष ध्यान दे रही है। इसके तहत, जाखौली गांव में विद्यार्थियों के लिए ई-लाइब्रेरी खोली जाएगी, महिलाओं के लिए सांस्कृतिक केंद्र और आम जनता के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इंडोर जिम की योजना बनाई गई है। गांवों में तालाबों और श्मशान घाटों का सौंदर्यीकरण भी किया जा रहा है और अब तक 904 गांवों की फिरनियों पर लाइट लगाई जा चुकी हैं।
श्री पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं से हर वर्ग खुश है और विकास की दिशा में अहम कदम उठाए जा रहे हैं।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा, जिला परिषद के सीईओ सुरेश राविश, डीडीपीओ रितु लाठर, कार्यक्रम आयोजक रणधीर सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।