हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम का बयान: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नई जीएसटी व्यवस्था से देशवासियों को दिवाली पर बड़ा तोहफा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई जीएसटी व्यवस्था लागू कर आटा, दाल, तेल, घी जैसी आवश्यक वस्तुओं पर टैक्स खत्म किया। हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने बताया कि इससे आम जनता को दिवाली पर बड़ी राहत और खुशहाली मिलेगी।
हरियाणा के खेल, युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता तथा कानून एवं विधायी राज्य मंत्री गौरव गौतम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नई जीएसटी (GST) व्यवस्था लागू करने पर देशवासियों को दिवाली का बड़ा उपहार बताया। गौरव गौतम ने कहा कि अब आटा, दाल, तेल, घी जैसे रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं पर जीएसटी समाप्त कर दी गई है, जिससे आम जनता को सीधी राहत मिलेगी।
खेल मंत्री गौरव गौतम ने पलवल के लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि पहले 18 तरह के अलग-अलग टैक्स जनता पर लागू थे, जिन्हें एक टैक्स यानी जीएसटी में समाहित किया गया था। अब जीएसटी की दरों को और भी घटाकर 18% से 12%, और 12% से 5% किया गया है। इसके साथ ही 5% की दर पर लगे टैक्स को शून्य प्रतिशत (जीरो रेट) कर दिया गया है। दवाइयों और ट्रैक्टर जैसी महत्वपूर्ण वस्तुओं पर भी जीएसटी कम कर राहत प्रदान की गई है।
गौरव गौतम ने कहा कि शिक्षा क्षेत्र को भी ध्यान में रखते हुए किताबों से लेकर पेंसिल तक को पूरी तरह टैक्स-फ्री किया गया है। यह नई “गरीब सेवा टैक्स” योजना सीधे तौर पर आम जनता को आर्थिक राहत और खुशहाली लेकर आएगी।
इस मौके पर पूर्व शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा, भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला, हरेंद्रपाल राणा, मनोज रावत, जिला उपाध्यक्ष प्रवीण ग्रोवर, जीएसटी रिफॉर्म संयोजक मनुज गर्ग और सहसंयोजक प्रवीण चौधरी भी उपस्थित रहे।